Dharuhera Highway Accident: धारूहेड़ा: दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर सेक्टर-6 के पास सड़क पर बने एक गहरे गड्ढे ने फिर एक मासूम की जान ले ली। बाइक से गुरुग्राम जा रही एक महिला गड्ढे के कारण संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। रेवाड़ी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान राजपुरा इस्तमुरार (रेवाड़ी) की रहने वाली पवित्रा (पत्नी रामकिशन) के रूप में हुई है।
रेवाड़ी से गुरुग्राम जाते समय हुआ हादसा
धारूहेड़ा थाना पुलिस के अनुसार, रामकिशन अपनी पत्नी पवित्रा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर रेवाड़ी से गुरुग्राम की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सेक्टर-6 के निकट पहुंचे, अचानक सड़क पर बने एक बड़े गड्ढे में बाइक का पहिया आ गया।
गड्ढे के झटके से पवित्रा बाइक से उछलकर नीचे सड़क पर जा गिरी। पीछे से आ रही ट्रैफिक पुलिस की पीसीआर टीम ने तुरंत महिला को उठाकर पास के धारूहेड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर रैफर कर दिया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
एक महीने में 4 हादसे, NHAI नहीं कर रहा सुनवाई”
हादसे की जानकारी देते हुए यातायात प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि इस एक ही गड्ढे के कारण पिछले एक महीने के भीतर 4 बड़े हादसे हो चुके हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को इस जानलेवा गड्ढे की मरम्मत के लिए कई बार लिखित व मौखिक रूप से सूचित किया जा चुका है। बावजूद इसके, हाईवे प्राधिकरण द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया गया, जिसके चलते आज यह दर्दनाक हादसा हो गया।
परिजनों ने NHAI के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की
पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतका के पति रामकिशन ने अपनी पत्नी की मौत के लिए सीधे तौर पर हाईवे प्राधिकरण (NHAI) की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है और अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।














