धारूहेड़ा: राजपूत महासभा धारूहेड़ा की बैठक संरक्षक कप्तान सिंह परमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन एवं अध्यक्षता राजपूत महासभा धारूहेड़ा के अध्यक्ष, रिटायर्ड सूबेदार मेजर चरण सिंह छोकर ने की। बैठक में समाज हित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

सर्वप्रथम निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त को राजपूत महिला मंडल के तत्वावधान में तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें पूरे समाज की सहभागिता रहेगी। इसके अतिरिक्त आगामी दशहरा महोत्सव की तैयारियों एवं आयोजन को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
पार्क के सौंदर्यीकरण को लेकर प्रस्ताव पास
बैठक में महाराणा प्रताप पार्क, सेक्टर-6 के सौंदर्यीकरण को लेकर भी सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में पार्क की बाउंड्री वॉल निर्माण, मिट्टी भराई एवं समुचित सौंदर्यीकरण कराने की मांग की गई। इस प्रस्ताव पर उपस्थित समाज के सदस्यों ने हस्ताक्षर किए। निर्णय लिया गया कि आगामी सप्ताह यह प्रस्ताव नगर पालिका चेयरमैन को सौंपा जाएगा, ताकि पार्क का शीघ्र विकास एवं सौंदर्यीकरण कराया जा सके।

बैठक में समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, शिक्षा, सामाजिक एकता तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए भी विस्तृत चर्चा की गई और सभी सदस्यों ने समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर हाल ही में अपने बड़े भाई को खोने वाले समाज के दो परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।बैठक के दौरान समाज के अध्यक्ष रिटायर्ड सूबेदार मेजर चरण सिंह छोकर के अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर उपस्थित समाजजनों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया । बैठक का समापन सभी सदस्यों के सामूहिक ग्रुप फोटो के साथ हुआ। समाज के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन की एकजुटता और समाज के सहयोग से सभी सामाजिक कार्यों को नई गति मिलेगी।
इस मौके पर वीरेंद्र सिंह बलोरिया, राहुल चौहान, रण सिंह शेखावत, पवन सिंह शेखावत, गंगा सिंह, सत्यवीर सिंह, संदीप चौहान, महावीर सिंह राठौर, विक्रम सिंह राठौर, जसवंत सिंह चौहान, राजीव कुमार चौहान, अनुराग सिंह, रघुनन्दन सिंह, जितेंद्र सिंह, संजय शेखावत, सत्यवीर सिंह चौहान, विजय सिंह चौहान, ओमप्रकाश सिंह, अतर सिंह सिसोदिया, योगेश सिंह, बजरंग सिंह, हरकेश तंवर आदि मौजूद रहे।














