Haryana: मांगों को लेकर MLA से मिले यूनियन पदाधिकारी

On: January 23, 2026 3:38 PM
Follow Us:

Haryana: भारतीय किसान यूनियन चढूनी जिला रेवाड़ी के एक शिष्ट मंडल ने शुक्रवार को रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण यादव से मुलाकात कर किसान भवन से जुड़े मुद्दे को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला प्रधान समय सिंह ने किया। इस दौरान किसान भवन को लेकर चल रहे घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई और किसानों की चिंताओं से विधायक को अवगत कराया गया।

जिला प्रधान समय सिंह ने बताया कि किसान भवन किसानों की वर्षों पुरानी जरूरतों और गतिविधियों का केंद्र रहा है। यह भवन किसान नेता सर छोटू राम द्वारा किसानों के हित में बनाया गया था। फसल बेचने के समय दूर-दराज से आने वाले किसान यहां रुकते हैं, आराम करते हैं और आपसी चर्चाओं के साथ बैठकों का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा किसान भवन के पास स्थित किसान कैंटीन में रोजाना 20 से 30 किसान एकत्र होकर भोजन करते हैं और अपनी समस्याओं पर चर्चा करते हैं। यूनियन इसी स्थान से किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से संवाद करती रही है।

समय सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि किसान भवन पर किसी भी तरह का हस्तक्षेप किसानों के हितों के खिलाफ है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह भवन पूरी तरह किसानों का है और किसानों के लिए ही बना है। यदि इसमें किसी प्रकार का बदलाव या कब्जे की कोशिश होती है तो यूनियन आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।

विधायक लक्ष्मण यादव ने शिष्ट मंडल को आश्वासन दिया कि किसान भवन से संबंधित मामले में वे संबंधित अधिकारियों से बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि किसान भवन किसानों का है और किसानों का ही रहेगा। किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जो भी स्थिति बनी है, उसका समाधान नियमों के तहत कराया जाएगा।

इस मौके पर शिष्ट मंडल में महिला जिला प्रधान मुन्नी बूढ़पुर सहित यूनियन के कई किसान नेता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में किसान भवन की सुरक्षा और इसके मूल उद्देश्य को बनाए रखने की मांग की।

Harsh

हर्ष चौहान पिछले तीन साल से पत्रकारिता में कार्यरत हूं। इस साइट के माध्यम से अपराध, मनोरंजन, राजनीति व देश विदेश की खबरे मेरे द्वारा प्रकाशित की जाती है। मै बतौर औथर कार्यरत हूं

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now