Aaj Ka Rashifal 5 June 2025 : आज का राशिफल ज्योतिषीय गणना के अनुसार मिथुन, तुला और मकर राशि के जातकों के लिए लाभकारी रहने वाला है। चंद्रमा का गोचर आज कन्या राशि में हो रहा है।
ऐसे में आज चंद्रमा मिथुन राशि में संचार कर रहे गुरु से केंद्र भाव में गजकेसरी योग बना रहे हैं और 10वें भाव में वसुमान योग के शुभ संयोग का निर्माण कर रहे हैं।
आज ग्रहों की स्थिति से हस्त नक्षत्र में सर्वार्थ सिद्धि योग भी बन रहा है। ऐसे में आज गुरुवार का दिन मेष से मीन तक सभी राशियों के लिए कैसा रहेगा, आइये जानते हैं आज का राशिफल।
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आज कार्यक्षेत्र में आपके क्रिएटिव विचारों की तारीफ होगी। उच्च अधिकारी आपसे प्रसन्न रहेंगे और आपके शुभचिंतकों की संख्या भी बढ़ सकती है।
वृषभ राशि
वृषभ राशि वालों के लिए आज का दिन आपकी परीक्षा ले सकता है। कार्यक्षेत्र में धैर्य बनाए रखें, बेवजह के विवादों में न फंसें। किसी उकसावे में न आएं, अपने काम से काम रखें। साथ ही साथ आज वृषभ राशि वालों को अपने धन का प्रबंधन सोच समझकर करना चाहिए।
मिथुन राशि
आज के दिन मिथुन राशि के जातकों को कई जगहों से फायदा मिलेगा। पूर्व में किया गया निवेश आपको अच्छा लाभ दिलाएगा। वहीं आज कारोबार में आपको विरोधियों से सावधान रहना होगा। विरोधी आप पर दबाव बनाने की कोशिश करेंगे लेकिन आप अपनी बुद्धिमत्ता के दम पर हर परिस्थिति से बाहर निकल जाएंगे।
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन सामान्य रहने वाला है। आज आपको कार्यक्षेत्र में थोड़ी परेशानियां आएंगी, बेहतर होगा कि आप अपने करीबी शुभचिंतकों से सलाह मशविरा करें। इसके साथ ही आज संतान की तरफ से आपको खुशखबरी मिल सकती है। वे करियर में तरक्की करेंगे। जीवनसाथी के साथ तालमेल बनाए रखें।
सिंह राशि
सिंह राशि के जातकों को आज व्यापार में मनचाहा लाभ मिलने के आसार हैं। आज आपका कार्यों में मन लगेगा और उनमें प्रगति भी दिखाई देगी। इसके साथ ही आज आप कीमती वस्तुओं की खरीदारी भी कर सकते हैं। लेकिन आज नौकरीपेशा जातकों पर काम का बोझ बढ़ सकता है।
कन्या राशि
आज कन्या राशि वालों को अपने खर्चों पर लगाम लगाते हुए आगे बढ़ना होगा। किसी भी अहम काम को आज ही पूरा करें, कल के लिए न टालें। काम का बोझ बढ़ सकता है। आज जोखिम सोच समझकर लें, वरना लेने के देने पड़ सकते हैं। अगर उधार लेने की सोच रहे हैं तो आज आसानी से मिल जाएगा।
तुला राशि
तुला राशि के जातकों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। बस जल्दबाजी से बचें। आज आपको आमदनी का नया स्रोत मिल सकता है। इससे आपको धन लाभ भी होगा। अगर व्यापार में आपका धन फंस गया है तो आज वापस मिल सकता है। हालांकि आज आपको किसी पर आंख मूंदकर भरोसा करने से बचना चाहिए।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के जातक आज अगर बिजनेस से जुड़ी कोई योजना बनाएंगे तो उसका अच्छा लाभ मिल सकता है। जो लोग नौकरी बदलने की सोच रहे हैं, उन्हें बेहतर अवसर मिल सकता है। निवेश से लाभ की संभावना है, लेकिन जल्दबाजी न करें। किसी परेशानी को लेकर माता-पिता से सलाह लेना फायदेमंद रहेगा।
धनु राशि
धनु राशि के राजनीति से जुड़े जातकों के लिए आज का दिन लाभदायक रहेगा। परिवार की मदद से आर्थिक समस्याओं का समाधान हो सकता है। व्यापार में उन्नति के संकेत मिलेंगे। माहौल अच्छा रहेगा। आज धर्म कर्म में आपका मन लगेगा। आप परिवार के साथ पूजा, भजन या कीर्तन जैसे धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं।
मकर राशि
मकर राशि के जातकों के लिए आज का दिन मिलाजुला रहेगा। व्यापार में लाभ के लिए संघर्ष करना पड़ेगा, लेकिन रोजमर्रा के खर्च पूरे हो जाएंगे। अगर यात्रा कर रहे हैं तो वाहन सावधानी से चलाएं। दुर्घटना का खतरा हो सकता है। पारिवारिक विवाद में आपको शांति और समझदारी से काम लेना होगा। गुस्से से बचें।
कुंभ राशि
कुंभ राशि के जातकों के लिए आज का दिन खुशियों से भरा रहेगा। आज आपको जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। अगर कोर्ट-कचहरी से जुड़े कोई मामला चल रहा है तो आज उसमें परेशानी हो सकती है, लापरवाही बिल्कुल न बरतें। कारोबार के सिलसिले में यात्रा पर जा सकते हैं। यात्रा आपके लिए लाभदायक रहेगी।
मीन राशि
मीन राशि के जातकों को आज करियर में अच्छे अवसर मिल सकते हैं और आय के नए स्रोत मिलने से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। अगर आप किसी काम को लेकर तनाव में थे तो वह भी आज दूर हो सकता है। भाग्य का साथ मिलेगा। कहीं से खुशखबरी मिलने के आसार हैं। नया मकान, वाहन या जमीन खरीदने की योजना बना रहे हैं तो उसमें भी आपको लाभ हो सकता है।

















