
रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (IGU), मीरपुर में युवा रेड क्रॉस एवं छात्र कल्याण विभाग की ओर से रेवाड़ी ब्लड सेंटर के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के राव तुलाराम ब्लॉक में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले शिविर में विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान कुल 30 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान समाज सेवा और मानवीय संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सामाजिक कार्यों में भागीदारी से समाज में सेवा, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कुलपति ने युवा रेड क्रॉस और छात्र कल्याण विभाग के प्रयासों की भी सराहना की।
कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना विकसित करने में सहायक होते हैं।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी में अवैध नवजात बच्ची को नहर में फैंका
शिविर के आयोजन में छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. करण सिंह, युवा कल्याण निदेशक प्रो. अदिति शर्मा और सहायक निदेशक डॉ. सुशांत यादव का सहयोग रहा। युवा रेड क्रॉस की कार्यक्रम समन्वयक प्रो. समृद्धि के मार्गदर्शन में शिविर का संचालन किया गया। इसमें वाईआरसी काउंसलर डॉ. प्रियंका रंगा, डॉ. पवन कुमार और डॉ. नवनीत कौशल ने भी योगदान दिया।
रेवाड़ी ब्लड सेंटर की ओर से सुनील शर्मा के नेतृत्व में मनीषा, कपिल यादव, सोनू यादव, जतिन यादव, प्रिंस और आकाश की मेडिकल टीम ने रक्त संग्रहण और तकनीकी व्यवस्था संभाली। विश्वविद्यालय प्रशासन, युवा रेड क्रॉस, छात्र कल्याण विभाग और रेवाड़ी ब्लड सेंटर के संयुक्त प्रयासों से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी: पेंशन लेने खोल आए बुजुर्ग पर कातिलाना हमला, दर्दनाक मौत
