
रेवाड़ी। जिले के खोल गांव में मंगलवार रात रंजिश के चलते हुई मारपीट में घायल अधेड़ की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान मुकेश के रूप में हुई है। मृतक के बेटे नितिन ने गांव के कुछ लोगों पर रंजिश के चलते हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पेंशन लेने गांव आए थे मुकेश
मृतक के बेटे नितिन ने बताया कि उनका परिवार फिलहाल गुरुग्राम में रहता है। उनके पिता मुकेश मंगलवार को पेंशन लेने के लिए अपने पैतृक गांव खोल आए थे। रात को गांव के वीर सिंह ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके पिता के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की है और वह घायल अवस्था में खोल के सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं। बताया जा रहा है कि मुकेश पर उस समय हमला किया गया, जब वह अकेले थे।
घायल मुकेश को पहले खोल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान देर रात मुकेश ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें:यातायात नियमों का पालन पुलिस के डर से नहीं, सुरक्षा के लिए करें: SP रेवाड़ी
शराब पीने के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात मुकेश, वीर सिंह, राहुल, हिलहरी और सेठी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद मारपीट हुई। घटना में मुकेश की मौत हो गई, जबकि वीर सिंह भी घायल हुआ है। मृतक के बेटे ने रंजिश के चलते हमला किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें:पराली जलाने वालों को लेकर रेवाड़ी प्रसासन अलर्ट, पकडे जाने पर ये होगी कार्रवाई
