
रेवाड़ी (Best24News) जिला रेवाड़ी पुलिस की ओर से शिक्षा विभाग के सहयोग से बुधवार को यातायात नियमों पर आधारित दूसरे राउंड की ब्लॉक स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में जिले के विभिन्न स्कूलों के 1672 विद्यार्थियों ने भाग लिया। डीएसपी मुख्यालय संजीव बल्हारा ने जिले के विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर परीक्षा का निरीक्षण किया।
चार ग्रुप में आयोजित हुई परीक्षा
पुलिस की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को चार ग्रुप में बांटा गया था। पहले ग्रुप में 418, दूसरे ग्रुप में 692, तीसरे ग्रुप में 496 और चौथे ग्रुप में 66 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह दिखाई दिया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को बचपन से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। प्रतियोगिता के अगले चरण में जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

यातायात नियमों को आदत में शामिल करें बच्चे
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि बचपन में दी गई अच्छी शिक्षा बच्चों को भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बचपन सीखने का स्वर्णिम समय होता है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा और दूसरों की जान बचाने के लिए करना चाहिए।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी: पेंशन लेने खोल आए बुजुर्ग पर कातिलाना हमला, दर्दनाक मौत
उन्होंने जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों से यातायात नियमों की स्वयं पालना करने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। एसपी ने बताया कि रेवाड़ी पुलिस यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए सेमिनार और गोष्ठियों के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक कर रही है। इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें:पराली जलाने वालों को लेकर रेवाड़ी प्रसासन अलर्ट, पकडे जाने पर ये होगी कार्रवाई
