
रेवाड़ी (Best24News): जिला नगर योजनाकार (DTP) विभाग और जिला प्रशासन ने अवैध निर्माणों पर बडी कार्रवाई की है। मंगलवार को रेवाड़ी के नियंत्रित क्षेत्र में बड़ी तोड़फोड़ की कार्रवाई को अंजाम दिया। गांव माजरा गुरदास (तहसील व जिला रेवाड़ी) में बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया गया।
विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से भू-माफियाओं और अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते किसी भी तरह के विरोध की गुंजाइश नहीं बची और प्रशासन ने पीला पंजा चलाकर अवैध निर्माण को नेस्तनाबूद कर दिया।
दो कालोनियों में की तोड फोड: बता दे कि दोनों कॉलोनियां करीब दो एकड़ और तीन एकड़ उपजाऊ भूमि पर बिना अनुमति के बसाई जा रही थीं। मौके पर नियमों को ताक पर रखकर बनाई गई 10 स्थानों पर चारदीवारी (Boundary Walls) और आंतरिक कच्चे सड़क नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ दिया गया।यह पूरी कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख और भारी पुलिस बल के कड़े पहरे में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
ये भी पढ़ें:पराली जलाने वालों को लेकर रेवाड़ी प्रसासन अलर्ट, पकडे जाने पर ये होगी कार्रवाई
प्लॉट खरीदने से पहले वैधता की जांच करें: डीटीपी नरेंद्र सैनी
जिला नगर योजनाकार नरेंद्र सैनी ने आम जनता और निवेशकों से कड़ी अपील करते हुए कहा कि वे भविष्य के बड़े आर्थिक नुकसान से बचे। नियंत्रित और शहरी क्षेत्रों में बिना सरकार या डीटीपी विभाग की अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लाटिंग अवैध है। कुछ बेईमान प्रॉपर्टी डीलर कम दामों या सुनहरे सपनों का झांसा देकर खाली जमीन पर प्लॉट बेच देते हैं। बाद में जब प्रशासन का बुलडोजर चलता है, तो सबसे बड़ा घाटा आम खरीदार को उठाना पड़ता है।
