रेवाड़ी। आईएमटी बावल (IMT Bawal)के सेक्टर-3 स्थित प्लॉट नंबर 6/7 में शुक्रवार सुबह दो कंपनियों में भीषण आग लग गई। इनमें एक कंपनी में ट्यूबलर बैटरी और दूसरी कंपनी में चप्पल बनाने का काम बताया जा रहा है। आग इतनी भीषण है कि धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा है और आग लगातार बढ़ती हुई नजर आ रही है।

आग पर काबू पाने के लिए बावल प्रशासन और जिला रेवाड़ी से करीब 10 दमकल वाहन मौके पर पहुंच चुके हैं। आग की गंभीरता को देखते हुए जिला रेवाड़ी के बाहर से भी दमकल वाहनों को बुलाया गया है। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में करोड़ों रुपये का माल जलकर राख होने की आशंका है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ईआरवी-569 के साथ बावल थाना प्रभारी और कसौला थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। आग के आसपास की कंपनियों में सुरक्षा के मद्देनजर कर्मचारियों को बाहर निकालकर परिसर खाली कराया गया है। अभी तक किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।













