धारूहेड़ा: (Best24News) दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित गांव खलियावास के पास दी यशोधारा कोऑपरेटिव मल्टीपर्पज सोसाइटी लिमिटेड के कार्यालय का रेवाड़ी उपायुक्त अभिषेक मीणा ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर कृषि संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें कृषि अधिकारियों और विशेषज्ञों ने स्थानीय किसानों के साथ प्राकृतिक खेती, मोटे अनाज (श्री अन्न), बाजरा उत्पादन और टिकाऊ कृषि तकनीकों को लेकर चर्चा की।

कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में पंचकूला से पहुंचे हरियाणा सरकार के ज्वाइंट डायरेक्टर एग्रीकल्चर एवं हेमेटी (HAMETI), जींद के निदेशक डॉ. सुरेंद्र यादव ने किसानों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मिट्टी की सेहत सुधारने, कम लागत वाली कृषि पद्धतियों और स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
बावल के एसडीएम (HCS) संजीव कुमार ने यशोधारा सहकारी समिति की पूरी टीम को बधाई दी और किसान एवं उपभोक्ता हित में शुरू की गई इस पहल की सराहना की।
किसान से उपभोक्ता तक पहुंचेंगे प्राकृतिक उत्पाद
सोसाइटी की ओर से शुरू किए गए रिटेल आउटलेट के माध्यम से किसानों और आम उपभोक्ताओं को सीधे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। यहां प्राकृतिक कृषि से उत्पादित फसलें, देशी अनाज, दालें, आटा और शुद्ध मसाले सहित विभिन्न उत्पाद उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके अलावा प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के लिए जैविक और प्राकृतिक कृषि इनपुट भी उपलब्ध कराए जाएंगे। किसानों और उपभोक्ताओं ने इस पहल को ‘किसान से उपभोक्ता तक’ सीधा और भरोसेमंद संपर्क स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों के सवालों के दिए जवाब
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न कृषि अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और प्राकृतिक खेती से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने कृषि की वर्तमान चुनौतियों, जैविक उत्पादों के विपणन और मिट्टी संरक्षण सहित विभिन्न विषयों पर किसानों से चर्चा की। उन्होंने किसानों के सवालों के जवाब देते हुए प्राकृतिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए जागरूक किया।












