रेवाड़ी: इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (IGU), मीरपुर में सत्र 2026-27 के लिए बी.फार्मेसी (B.Pharmacy )में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हरियाणा स्टेट टेक्निकल एजुकेशन सोसायटी (HSTES) की ओर से ऑनलाइन सेंट्रलाइज्ड काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। अभ्यर्थी काउंसलिंग, सीट अलॉटमेंट और प्रवेश से जुड़ी जानकारी के लिए HSTES के आधिकारिक पोर्टल www.techadmissionshry.gov.in पर अपडेट देखते रहें।
विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता अकादमिक मामले एवं औषध विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. सुनील कुमार ने यह जानकारी दी। OCET-2026 की मेरिट लिस्ट के आधार पर पहली काउंसलिंग के लिए अभ्यर्थी 25 सितंबर को सुबह 11 बजे से 28 सितंबर रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन चॉइस लॉक कर सकेंगे। सीट अलॉटमेंट का परिणाम 29 सितंबर को शाम 4 बजे जारी होगा। इसके बाद अभ्यर्थियों को 30 सितंबर सुबह 10 बजे से 5 अक्टूबर शाम 5 बजे तक संबंधित कॉलेज में फिजिकल रिपोर्टिंग करनी होगी।
दूसरी काउंसलिंग के लिए चॉइस लॉकिंग की प्रक्रिया 6 अक्टूबर सुबह 11 बजे से 8 अक्टूबर रात 11:59 बजे तक चलेगी। सीट अलॉटमेंट का परिणाम 9 अक्टूबर को शाम 4 बजे जारी किया जाएगा। दूसरी काउंसलिंग में चयनित विद्यार्थियों की फिजिकल रिपोर्टिंग 12 अक्टूबर सुबह 10 बजे से 14 अक्टूबर शाम 5 बजे तक होगी।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, शोध आधारित और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी की गई हैं। बी.फार्मेसी की कक्षाएं 15 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगी। दाखिले की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि पोर्टल पर अंतिम अपलोडिंग 11 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे तक की जा सकेगी।












