धारूहेड़ा: हरी नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में रविवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड नंबर 14 के पार्षद अनिल कुमार, वार्ड नंबर 15 के पार्षद प्रतिनिधि मनोज सैनी तथा वार्ड नंबर 17 के पार्षद प्रतिनिधि महिपाल सैनी, धर्मपाल जी सहित अन्य अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में माताओं, बच्चों और परिवारों के साथ संवाद कर पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रारंभिक देखभाल एवं शिक्षा, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं के बारे में अभिभावकों को बताया गया। इसके साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र की ओर से दी जाने वाली सेवाओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक विकास के प्रति परिवारों को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी सुपरवाइजर राम भतेरी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मंजू देवी और रजनी शर्मा मौजूद रहीं।












