रेवाड़ी (Best24News): रेवाड़ी जिले के गांव गुड़ियानी के लाल पूर्व सरपंच राव अमर सिंह यादव के सुपुत्र शहीद कैलाश चंद यादव की 56वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को उनके पैतृक निवास पर एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान CRPF सीआरपीएफ की टुकड़ी और ग्रामीणों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस, वीरता और समर्पण को नमन किया।
शहीद कैलाश चंद यादव ने देश की रक्षा करते हुए 22 सितंबर 1970 को मणिपुर में 8वीं बटालियन (CRPF) के एक सैन्य ऑपरेशन के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनकी इस महान वीरता और शहादत के सम्मान में उन्हें मरणोपरांत पुलिस वीरता (Gallantry) पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।

CRPF टीम ने वीरांगना को किया सम्मानित
शहीद की पुण्यतिथि के अवसर पर इंस्पेक्टर सूरत सिंह के नेतृत्व में सीआरपीएफ की एक विशेष टीम उनके पैतृक निवास पर पहुंची और सैन्य सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सीआरपीएफ अधिकारियों द्वारा शहीद की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी को शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर: पूर्व सरपंच राजेंद्र सिंह
शहीद के पुत्र एवं पूर्व सरपंच राजेंद्र सिंह ने सीआरपीएफ अधिकारियों व ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पिता की शहादत पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। देश की सीमा और शांति सुरक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का सम्मान करना हमारा परम कर्तव्य है।
इस अवसर पर कैप्टन राजेंद्र सिंह, वर्तमान सरपंच नरेंद्र कुमार, सहदेव यादव, ठेकेदार नरेश सैनी, अजीत चेयरमैन, किशोर सिंह, अशोक सिंह, रघुबीर यादव, मास्टर खिल्लू राम, राकेश यादव, देवेंद्र यादव, जोगेंद्र सोनी, अनिल, संजय जांगड़ा, पवन यादव, करमवीर जेई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












