बावल: जमीन को धोखाधड़ी से हड़पने और दूसरे व्यक्ति को बेचने के प्रयास के मामले में बावल थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महिपाल निवासी राजनौता भीमजी की ढाणी, जिला कोटपूतली-बहरोड़ राजस्थान, बबीता निवासी पलवली जिला फरीदाबाद और राजकुमार उर्फ राजू निवासी कटरिया जिला कटिहार बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी महिपाल को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है।
29 अप्रैल को मिली थी शिकायत: जांचकर्ता के अनुसार गांव नैहचाना निवासी आशा ने 29 अप्रैल 2026 को बावल थाना पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया था कि महिपाल, सूरज निवासी जुगलपुरा जिला सीकर राजस्थान, रोहतास कुमार निवासी मोहल्ला बागवाला बावल और दो अज्ञात महिलाओं ने मिलकर उसकी जमीन हड़पने की साजिश रची। आरोप है कि उसकी जगह किसी दूसरी महिला और उसकी बहन की जगह भी दूसरी महिला को खड़ा कर जमीन से संबंधित दस्तावेजों में धोखाधड़ी करते हुए अचल संपत्ति का हस्तांतरण करवाने तथा उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेचने का प्रयास किया गया।
मुख्य आरोपी को लिया रिमांड पर: बता दें कि शिकायत के आधार पर बावल थाना पुलिस ने धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी महिपाल को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की गई।













