HBSE Enrollment 2026-27: 9वीं से 12वीं तक नामांकन की तारीखें जारी, जानें फीस

On: September 19, 2026 9:09 PM
Follow Us:
Haryana News:
HSEB

HBSE Enrollment 2026-27: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक विद्यार्थियों के एनरोलमेंट की प्रक्रिया शुरू करने की तारीखें निर्धारित कर दी हैं। राजकीय, अराजकीय स्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालयों, गुरुकुलों और विद्यापीठों को विद्यार्थियों का ऑनलाइन एनरोलमेंट बोर्ड की वेबसाइट के माध्यम से करना होगा। बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने इस संबंध में जानकारी दी।

जानिए कितनी रहेगी फीस: हरियाणा के विद्यार्थियों के लिए एनरोलमेंट शुल्क 150 रुपये प्रति विद्यार्थी, जबकि दूसरे राज्यों के प्रवासी विद्यार्थियों के लिए 200 रुपये निर्धारित किया गया है। नियमित शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन 18 सितंबर से 12 अक्टूबर 2026 तक किए जा सकेंगे। इसके बाद विलंब शुल्क के साथ आवेदन का मौका मिलेगा। 13 से 19 अक्टूबर तक 100 रुपये, 20 से 26 अक्टूबर तक 200 रुपये और 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक 300 रुपये विलंब शुल्क देना होगा। वहीं 3 से 10 नवंबर तक अधिकतम 1000 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकेगा। विद्यार्थियों के विवरण में ऑनलाइन शुद्धि 13 से 18 नवंबर तक की जा सकेगी।

 

बोर्ड के अनुसार कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं में ऐसे विद्यार्थियों का दोबारा नामांकन प्रपत्र भेजने की जरूरत नहीं है, जिनका पहले ही नामांकन हो चुका है और वे परीक्षा में अनुत्तीर्ण होने या उसी कक्षा में दोबारा प्रवेश लेने के कारण अध्ययन कर रहे हैं। इन विद्यार्थियों का केवल पंजीकरण करवाना जरूरी होगा और इसके लिए 100 रुपये प्रति विद्यार्थी शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।

कक्षा 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों के लिए 50 रुपये प्रति विद्यार्थी प्रश्न पत्र शुल्क भी निर्धारित तिथियों में ऑनलाइन जमा करना होगा। अंतिम तिथि के बाद यह शुल्क 1000 रुपये अथवा सक्षम अधिकारी के आदेशानुसार जुर्माने के साथ जमा करना होगा। शुल्क जमा नहीं होने पर प्रश्न पत्र नहीं मिलने की स्थिति में संबंधित विद्यालय जिम्मेदार होगा।

इसके अलावा जिन विद्यार्थियों का 9वीं कक्षा में नामांकन पहले हो चुका है और उन्होंने 10वीं की परीक्षा हरियाणा बोर्ड के बजाय किसी अन्य समकक्ष मान्यता प्राप्त बोर्ड से पास की है, उन्हें 11वीं में दोबारा नामांकन कराने की जरूरत नहीं होगी। ऐसे विद्यार्थियों को केवल पंजीकरण करवाना होगा और इसके लिए 100 रुपये प्रति विद्यार्थी शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव है वर्तमान में वे Best24News के साथ जुड़े हुए हैं ताजा और विश्वसनीय खबरें प्रकाशित कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now