
रेवाड़ी। IGU मीरपुर में युवा रेड क्रॉस (YRC), छात्र कल्याण विभाग और विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान कुल 65 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

नियमित रूप से रक्तदान करने का किया आह्वान: शिविर का शुभारंभ रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण यादव ने किया। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया। उन्होंने इस पहल के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन और आयोजकों की सराहना की। कार्यक्रम में रेवाड़ी जिला अध्यक्ष एवं चेयरमैन वंदना पोपली भी मौजूद रहीं। उन्होंने युवाओं को समाज सेवा और मानव कल्याण से जुड़े कार्यों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने की। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और युवाओं को जनकल्याण के ऐसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियानों को आगे भी बढ़ावा देने की बात कही।

कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने भी रक्तदान के सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवाओं की जिम्मेदारी केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों की मदद करना भी उनका दायित्व है। उन्होंने 65 रक्तदाताओं और शिविर के आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों की सराहना की।

ये रहे मौजूद: शिविर के आयोजन में जिला रेड क्रॉस सोसायटी रेवाड़ी की टीम, नागरिक अस्पताल रेवाड़ी की रक्त संग्रहण टीम, YRC समन्वयक प्रो. समृद्धि, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. करण सिंह, प्रो. अदिति, डॉ. हेमंत कुमार यादव, डॉ. सुशांत सहित YRC काउंसलर्स और स्वयंसेवकों ने सहयोग किया। स्वयंसेवकों ने पंजीकरण, जागरूकता और शिविर के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं का आभार जताया।













