धारूहेड़ा (Best24News) स्वास्थ्य विभाग की ओर से मनाए जा रहे ओरल हेल्थ पखवाड़े के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान बच्चों और महिलाओं को दांतों और मुंह की सफाई के प्रति जागरूक किया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धारूहेड़ा की दंत चिकित्सक डॉ. ऋतु मदान की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों और ग्रामीणों को दांत साफ करने का सही तरीका बताया गया। साथ ही मुंह के कैंसर और फ्लोरोसिस के कारण, लक्षण और बचाव की जानकारी दी गई। चिकित्सक ने नियमित रूप से ब्रश करने और कुल्ला करने की सलाह दी।
डॉ. ऋतु मदान ने बच्चों को अधिक मीठा, तैलीय भोजन और जंक फूड खाने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्थायी दांतों को सुरक्षित रखने के लिए शुरुआत से ही उनकी सही देखभाल जरूरी है। नियमित सफाई से दांतों में कीड़ा लगने जैसी समस्याओं से बचाव किया जा सकता है। इस मौके पर पूजा और आरती मौजूद रहीं।













