धारूहेड़ा: एम2के काउंटी हाइट्स आरडब्ल्यूए की गवर्निंग बॉडी के चुनाव रविवार को सोसायटी परिसर में होंगे। छह साल बाद पहली बार सोसायटी में चुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव में 11 पदों के लिए उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसके बाद शाम को ही चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। सोसायटी में कुल 89 मतदाता हैं और अध्यक्ष समेत प्रमुख पदों पर दोनों ग्रुपों के बीच कांटे का मुकाबला माना जा रहा है।
चुनाव अधिकारी कमांडर सत्यवीर सिंह (सेवानिवृत्त), प्रशासक एवं रिटर्निंग ऑफिसर के अनुसार 13 सितंबर को सोसायटी में मतदान कराया जाएगा। चुनाव के लिए 5 सितंबर 2026 को प्राप्त सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए थे। निर्धारित अवधि में किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन वापस नहीं लिया। इसके बाद पदवार उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी गई।
अध्यक्ष पद पर परवीन कुमार और सुनील यादव के बीच मुकाबला है। उपाध्यक्ष पद के लिए श्रीमती आशा और बिजेंद्र शर्मा आमने-सामने हैं। महासचिव पद पर जितेंद्र सिंह और मनीष कुमार मल्ल चुनाव लड़ रहे हैं। संयुक्त सचिव पद के लिए प्रवीण कुमार ठाकुर और सुशील कुमार के बीच मुकाबला होगा। कोषाध्यक्ष पद पर राजबीर सिंह और श्रीमती सरला देवी मैदान में हैं।
इसके अलावा कार्यकारी सदस्य के 11 पदों के लिए प्रकाश गुप्ता, अमित कुमार, श्रीमती अनुपम पंवार, अरुण कुमार शर्मा, गुंजन कौशिक, श्रीमती ज्योति यादव, मिथिलेश, सुगन चंद, सुनीता रानी, सुषमा और उर्मिला देवी उम्मीदवार हैं। चुनाव को लेकर सोसायटी के निवासियों में भी काफी उत्सुकता है।











