रेवाड़ी (Best24News): हरियाणा में दूध और देसी घी की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर पशुपालकों और डेयरी किसानों का आंदोलन अब पूरे प्रदेश में विस्तार ले रहा है। हिसार, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र के बाद अब महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल क्षेत्र में भी पशुपालकों ने महापंचायत बुलाकर दूध और घी के नए रेट आधिकारिक रूप से घोषित कर दिए हैं।
इस बीच खबर है कि नारनौल के फैसले के बाद अब रेवाड़ी जिले के पशुपालक भी आपस में संपर्क साध रहे हैं, ताकि रेवाड़ी और आसपास के इलाकों में भी जल्द ही सर्वसम्मति से नए दाम तय किए जा सकें।
रेवाड़ी समेत अन्य जिलों में भी जल्द होंगी बैठकें
नारनौल में नए रेट लागू होने के बाद अब अहीरवाल के अन्य हिस्सों में भी सुगबुगाहट तेज हो गई है। रेवाड़ी के स्थानीय डेयरी संचालकों और पशुपालकों के बीच बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में रेवाड़ी में भी महापंचायत बुलाकर इन दरों को लागू किया जा सकता है, जिससे आम जनता के किचन बजट पर असर पड़ना तय है।
फैजलीपुर (कादीपुर) पंचायत में लिया गया बड़ा फैसला
शनिवार को नारनौल के गांव फैजलीपुर (कादीपुर) में आयोजित भव्य ग्रामीण पंचायत में पशुपालकों ने बढ़ती महंगाई, खल-बिनौला और हरे चारे के आसमान छूते दामों का हवाला देते हुए नया मूल्य ढांचा लागू करने पर सहमति जताई।
पंचायत द्वारा निर्धारित नई दरें:
- भैंस का दूध: ₹80 प्रति लीटर
- गाय का दूध: ₹60 प्रति लीटर
- भैंस का देसी घी: ₹1,500 प्रति किलोग्राम
- गाय का देसी घी: ₹2,000 प्रति किलोग्राम
नियम तोड़ने पर 11,000 रुपये का आर्थिक जुर्माना
पंचायत द्वारा सर्वसम्मति से लिए गए फैसलों को सख्ती से लागू करवाने के लिए ग्रामीण व पशुपालक समिति ने सख्त कदम उठाया है। समिति पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई भी पशुपालक या डेयरी संचालक तय दरों से कम कीमत पर दूध या घी बेचता पाया गया, तो उस पर 11,000 रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा।











