रेवाड़ी (Best24News): जिला नगर योजनाकार (DTP) रेवाड़ी की ओर से गुरुवार, जिला रेवाड़ी के नियंत्रित व शहरी क्षेत्रों (रेवाड़ी, जोनियावास और धारूहेड़ा) में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों तथा अवैध निर्माणों पर बड़े स्तर पर तोड़फोड़ (Demolition Drive) की कार्रवाई की गई।
महानिदेशक नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग (DTCP) हरियाणा, चंडीगढ़ से बिना अनुमति के काटी जा रही इन अवैध कॉलोनियों पर भारी पुलिस बल और जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई।

कहाँ-कहाँ चला बुलडोजर?
राजस्व रेवाड़ी (लगभग 4 एकड़): बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनी में बनाई गई 04 चारदीवारी, 01 टीन शेड और कच्चे रोड नेटवर्क को ध्वस्त किया गया। राजस्व जोनियावास (लगभग 3 एकड़) में बिना अनुमति काटी जा रही कॉलोनी में 02 डीपीसी (DPC) और कच्चे रास्तों के नेटवर्क को तोड़ा गया। उप-तहसील धारूहेड़ा क्षेत्र में विकसित हो रही कॉलोनी में 10 डीपीसी, 01 निर्माणाधीन ढांचा, 01 अवैध निर्माण तथा कच्चे रास्तों पर पीला पंजा चलाकर उन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
“प्लॉट खरीदने से पहले DTP कार्यालय से वैधता की जांच करें”: जिला नगर योजनाकार नरेंद्र नैन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति नियंत्रित या शहरी क्षेत्र में बिना अनुमति के अवैध निर्माण न करे।
उन्होंने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर भोले-भाले लोगों को झूठे सब्जबाग दिखाकर खाली जमीनों पर अवैध प्लॉट बेच देते हैं। जब उस स्थान पर विभागीय कार्रवाई होती है, तब आम जनता को अपने ठगे जाने का अहसास होता है।
DTP विभाग की आमजन से मुख्य अपीलें: किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लॉट न खरीदें ताकि आपकी गाढ़ी कमाई बर्बाद न हो। प्लॉट खरीदने से पहले किसी भी कार्य दिवस में जिला नगर योजनाकार (DTP) कार्यालय, रेवाड़ी में जाकर संबंधित कॉलोनी की वैधता (Status) की पुष्टि अवश्य करें। किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सरकार के नियमानुसार आवश्यक विभागीय अनुमतियाँ (Approvals) ज़रूर प्राप्त करें।














