धारूहेड़ा (Best24News): अखिल भारतीय हिंदू महासभा (Akhil Bharat Hindu Mahasabha) ने संगठन का विस्तार करते हुए रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा स्थित गांव जोनियावास के रहने वाले युवा नेता राकेश राव को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। राकेश राव को संयोजक युवा मोर्चा, हरियाणा के पद पर नियुक्त किया गया है।
अखिल भारतीय हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय नारायण भट्ट ने आधिकारिक नियुक्ति पत्र जारी कर उन्हें यह जिम्मेदारी प्रदान की है। अपनी इस नई जिम्मेदारी पर राकेश राव ने शीर्ष नेतृत्व, विशेष रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय नारायण भट्ट का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरे उतरेंगे।

राकेश राव ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य प्रदेश भर के युवाओं को एकजुट करना, सनातन धर्म व संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना तथा राष्ट्रहित व समाज सेवा के कार्यों में युवाओं की भागीदारी को बढ़ाना रहेगा।
राकेश राव को प्रदेश स्तरीय जिम्मेदारी मिलने की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव जोनियावास और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों, ग्रामीणों और समाज के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।













