धारूहेड़ा (Best24News): धारूहेड़ा के सेक्टर-4 में राहगीरों व सेक्टरवासियोंं को धूप व बारिश से बचाने के लिए लाखों रुपये की लागत से बनाए गए क्यू-शेल्टर (Cue Shelters) आज पूरी तरह कबाड़ में तब्दील हो चुके हैं। नगर पालिका और ठेकेदारों की कथित मिलीभगत और अनदेखी के चलते इनकी सुध नही ली जा रही है
सीएम विंडो पर 2 और नपा को 4 बार दी गई शिकायत
रेसिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के प्रधान नरेंद्र यादव, पूर्व प्रधान कृष्ण यादव ने बताया नपा की ओर से सेक्टर चार में 5 क्यू शेल्डर बनवाए गए थे। 3 वर्षों के दौरान आरडब्ल्यूए ओर से 4 बार नगर पालिका धारूहेड़ा को और 2 बार मुख्यमंत्री विंडो (CM Window) पर लिखित शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं। हैरानी की बात यह है कि नगर पालिका की हाउस बैठक में इन क्यू-शेल्टरों की मरम्मत और जीर्णोद्धार का बाकायदा प्रस्ताव (Proposal) भी पास हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद धरातल पर एक भी काम शुरू नहीं किया गया।

ठेकेदार और नपा अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप
सेक्टर वासियों का आरोप है कि ठेकेदार और नगर पालिका अधिकारियों की मिलीभगत के कारण ही काम अटका पड़ा है। प्रस्ताव पास होने के बाद भी बजट कहाँ अटका है और रिपेयर का काम क्यों शुरू नहीं किया जा रहा, इसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। शेल्टरों के ऊपर से टीन की छत टूट चुकी है, जिससे बारिश और कड़कड़ाती धूप में यात्रियों को कोई राहत नहीं मिलती।














