नई दिल्ली / रेवाड़ी (Best24News): भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के केंद्रीय सभागार में कारगिल विजय की गौरवगाथा को स्मरण करते हुए कारगिल युद्ध के वीर योद्धाओं एवं शहीद परिवारों के सम्मान में एक भव्य व गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान देशभर से आए पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और शहीद परिजनों को सम्मानित किया गया।
समारोह में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ तथा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और जांबाज सैनिकों व उनके परिवारों को सम्मान प्रदान किया।
मेजर डॉ. टी. सी. राव, कर्नल महाबीर यादव और ब्रिगेडियर ओ. पी. यादव हुए सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान शहीद परिवार कल्याण फाउंडेशन के संयोजक मेजर डॉ. टी. सी. राव (वेटरन), कर्नल महाबीर यादव तथा ब्रिगेडियर ओ. पी. यादव (युद्ध सेवा मेडल – YSM) को कारगिल युद्ध में उनकी विशिष्ट और प्रेरणादायी भूमिका के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि ब्रिगेडियर ओ. पी. यादव ने कारगिल युद्ध के दौरान 1 बिहार रेजिमेंट की कमान संभालते हुए अग्रिम मोर्चे पर सैनिकों का नेतृत्व किया था। उनके अदम्य साहस और उत्कृष्ट सैन्य नेतृत्व के लिए उन्हें ‘युद्ध सेवा मेडल’ सहित कई सम्मान मिल चुके हैं।
रक्षा राज्य मंत्री को भेंट की पुस्तक
समारोह के दौरान मेजर डॉ. टी. सी. राव ने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को अपनी नवीन पुस्तक “ऑपरेशन सिंदूर: शक्ति व शांति का संतुलन” भेंट की। इसके साथ ही उन्होंने अपनी एक और महत्वपूर्ण पुस्तक “Nation’s Unfinished Responsibility: Formation of National Commission for Ex-Servicemen Welfare” की पहली प्रति भी रक्षा राज्य मंत्री को सौंपी।
मेजर डॉ. टी. सी. राव ने देशभर के करोड़ों पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए “राष्ट्रीय पूर्व सैनिक आयोग” (National Commission for Ex-Servicemen Welfare) के गठन की लंबे समय से लंबित मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का आग्रह किया।
मेजर डॉ. टी. सी. राव ने कहा कि “देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों के सेवानिवृत्त होने के बाद उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक सशक्त और स्वतंत्र राष्ट्रीय आयोग का गठन समय की मांग है। ऐसा आयोग पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेगा।”
ये रहे मौजूद: बता दे कि इस मौके पर पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल दीपक कपूर और पूर्व वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आर. के. एस. भदौरिया की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का सफल आयोजन भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय संयोजक श्रीमती रश्मि मिश्रा द्वारा किया गया, जिसमें पूर्व वायु योद्धा मनोज कुमार का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल वी. के. चतुर्वेदी, कर्नल गोपाल सिंह (वीएसएम), कर्नल संतपाल राघव, कारगिल शहीद कैप्टन विजयंत थापर के पिता कर्नल वी. एन. थापर, शहीद फ्लाइंग ऑफिसर तिर्खा के पिता कर्नल तिर्खा, गुरुग्राम की जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इंदु बोकन तथा श्री स्वर्ण सिंह सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह का समापन “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और अमर बलिदानियों के जयघोष के साथ हुआ।














