हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने उत्तर और उत्तर-पूर्वी हरियाणा के कुछ जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहने से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
इन जिलों में ज्यादा बारिश की संभावना?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में कई स्थानों पर अगले तीन घंटा में तेज बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। स्थानीय प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
रेवाड़ी समेत इन जिलों का भी बदलेगा मौसम
रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, झज्जर, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कुछ स्थानों पर अचानक तेज बारिश भी हो सकती है, इसलिए लोगों को यात्रा के दौरान मौसम की जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है।
4 अगस्त तक रहेगा मानसून का असर
पूर्वानुमान के मुताबिक 4 अगस्त तक प्रदेश में मानसूनी सिस्टम सक्रिय बना रह सकता है। शुरुआत में उत्तर और पूर्वी हरियाणा में बारिश का प्रभाव अधिक रहेगा, जबकि इसके बाद पश्चिमी जिलों में भी बादलों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। हालांकि पूरे प्रदेश में लगातार बारिश होने की संभावना फिलहाल कम मानी जा रही है।














