गुरुग्राम (Best24News): केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि देश के ग्रामीण अंचल का विकास ही ‘समृद्ध भारत’ की असली नींव है। जब तक हमारे गांव मजबूत और सुविधाओं से लैस नहीं होंगे, तब तक विकसित भारत की संकल्पना अधूरी है।
राव इंद्रजीत सिंह रविवार को सोहना विधानसभा क्षेत्र के गांव कोटा और बिस्सर में आयोजित विशाल जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने दोनों गांवों के विकास कार्यों और गौशाला के लिए कुल 51 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। राव साहब कहा ग्रामीणों की ओर से स्वागत किया गया।

तीन गौशाला को दिए 52 लाख रुपये
केंद्रीय मंत्री ने विकास कार्यों की गति बढ़ाने के लिए कोटा और बिस्सर गांव में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए 21-21 लाख रुपये की राशि देने का ऐलान किया। बिस्सर स्थित कामधेनु गौशाला के वार्षिक उत्सव में पहुंचे राव ने अपने सांसद निधि कोष से 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने गौशाला में नए टीन शेड व कर्मचारी आवास परिसर का उद्घाटन किया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
छठी बार सांसद चुनकर संसद पहुंचे राव इंद्रजीत सिंह ने क्षेत्र में चल रही केंद्र सरकार की बड़ी बुनियादी ढांचा (Infrastructure) परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) के माध्यम से सोहना और तावडू क्षेत्र को सीधे देश के रेल नेटवर्क से जोड़ा गया है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निर्माण से इस पूरे इलाके में भविष्य में बड़े स्तर पर उद्योग और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

राव ने सरपंचों और जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे गांव की स्वच्छता और विकास की सार्वजनिक समस्याओं को लेकर सीधे उनसे मिल सकते हैं, जिनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
ये रहे मौजूद: इस अवसर पर भारत विकास परिषद के संयोजक सुरेंद्र जैन, सुनील गिरी महाराज, मानेसर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत यादव, मानेसर मेयर डॉ. इंद्रजीत, कामधेनु गौशाला के संस्थापक एसपी गुप्ता, कोटा सरपंच परमवीर, बिस्सर सरपंच राजवीर सिंह, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा तथा मोहम्मदपुर सरपंच मुकेश यादव सहित भारी संख्या में ग्रामीण व पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।












