बावल : थाना कसौला पुलिस ने लूट गिरोह का बडा खुलासा किया है। ये गिरोह में दिन में फैक्ट्री मजदूरी तथा रात को हथियर का डर दिखाकर लूटपाट करते थे। पुलिसन ने आईएमटी (IMT) बावल क्षेत्र से एक कंपनी कर्मचारी को बंधक बनाकर गाड़ी में लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन नाबालिगों सहित कुल पांच आरोपियों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों की पहचान मोहित (निवासी गांव तिहाड़ा) और कमल (निवासी सैनिक कॉलोनी, मोहल्ला जटवाड़ा, रेवाड़ी) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी मोहित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक अवैध देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और हुंडई वेन्यू गाड़ी भी बरामद कर ली है।
जानिए क्या है पूरा मामला
डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि उत्तर प्रदेश के जिला जालौन के गांव सिहारी निवासी सूरज सिंह ने गत 12 जुलाई को पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि वह वर्तमान में गांव जलियावास में किराए के मकान में रहता है और IMT बावल के सेक्टर-6 स्थित टैक्नीको प्राइवेट कंपनी में ठेकेदारी पर काम करता है।

11 जुलाई को वह अपनी कंपनी से ड्यूटी खत्म करके किराए के मकान पर लौट रहा था, तभी सेक्टर-6 स्थित गुटरमैन कंपनी के पास एक वेन्यू गाड़ी आकर रुकी। गाड़ी में 5 नौजवान लड़के सवार थे, जिन्होंने उसे जबरन गाड़ी के अंदर खींच लिया।
हथियारों के बल पर मारपीट और ऑनलाइन लूट
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने डरा-धमका कर उसका मोबाइल फोन लूट लिया। आरोपियों ने पिस्तौल के बल पर मोबाइल का पासवर्ड पूछकर उसके बैंक खाते से ₹24,000 ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद वे उसे बावल क्षेत्र के गांव दुल्हेड़ा खुर्द नहर के पंप हाउस (JC-1) के पास चलती गाड़ी से फेंक कर फरार हो गए।
जानिए कैसे चढें हत्थे
डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि घबराए पीड़ित ने अगले दिन 12 जुलाई को मामले की शिकायत पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही थाना कसौला में लूट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करके पुलिस की विभिन्न टीमें गठित की गईं।
12 जुलाई की रात को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर की संदिग्ध वेन्यू कार क्षेत्र में घूम रही है। पुलिस टीम ने जब गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, तो आसवल फ्लाईओवर के पास खुद को घिरा देख आरोपी गाड़ी छोड़कर भागने लगे। भागते समय मुख्य आरोपी मोहित पास के एक गड्ढे में गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट आई। तलाशी के दौरान मोहित की जेब से एक जिंदा कारतूस और गाड़ी से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने गाड़ी में सवार दूसरे आरोपी कमल को भी मौके पर ही दबोच लिया। सोमवार सुबह कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए इस वारदात में शामिल 3 अन्य नाबालिग साथियों को भी नियमानुसार पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है।
आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
- मोहित: मुख्य आरोपी मोहित पर इससे पहले भी थाना कसोला में मोबाइल और नकदी लूटने का एक मामला दर्ज है।
- कमल: आरोपी कमल एक शातिर अपराधी है, जिस पर पहले से ही लूट और चोरी के करीब 8 से 9 मामले दर्ज हैं।
खाटू श्याम जाने के लिए किराये पर ली थी कार
पुलिस पूछताछ में यह बेहद चौंकाने वाली बात सामने आई है कि आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए रेवाड़ी से एक वेन्यू कार को किराए पार लिया था। उन्होंनें कार मालिक को झांसा दिया था कि उन्हें खाटू श्याम जी के दर्शन करने जाना है। इसके बाद उन्होंने इसी कार का इस्तेमाल लूट की वारदात के लिए कर डाला।












