भिवाड़ी/धारूहेड़ा: केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के भिवाड़ी दौरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन अचानक हरकत में आ गया है। अलवर बाईपास पर लंबे समय से बनी जलभराव की गंभीर समस्या को दूर करने के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया गया है।
रात को तोड दिया था रेंप दोबारा किया रिपेयर
बता दे पिछले कई दिनों से अलवर बाइपास पर जलभराव हो रहा है। कुछ दिन पहले अवरोधक तोड दिया गया था जिससे काफी पानी धारूहेड़ा पहुंच गया था। बाद में धारूहेड़ा की ओर से दोबारा से रेंप केा रियेयर कर दिया गया था। इससे पहले भी भिवाडी प्रशासन रैंप को दोबार तोड चुका है। भिवाडी प्रशासन जलभराव को लेकर गंभीर नही है बार बार रैंप का तोडकर पानी को निकाल रहा है। इस जलभराव के चलते सोहना पलवल हाईवे पर आवागमन ठप हो गया है।

धारूहेड़ा की तरफ निकाला जा रहा गंदा पानी
बता दें शनिवार को नेशनल हाईवे-919बी पर मॉडर्न स्कूल के सामने दो बड़े ट्रैक्टरों पर मड पंप लगाकर लगातार गंदे पानी की निकासी की गई। हालांकि, प्रशासन द्वारा इस निकाले गए दूषित पानी को स्कूल के पीछे सीधे हरियाणा की सीमा की ओर छोड़ा जा रहा है। इससे अलवर बाईपास से भगत सिंह कॉलोनी की ओर जमा पानी तो लगभग साफ हो गया, लेकिन नेशनल हाईवे पर अब भी कुछ जगहों पर जलभराव बना हुआ है।
आवासन मंडल के पास बन रही है पक्की दीवार
राजस्थान आवासन मंडल कार्यालय के पास गंदे पानी को दोबारा सड़क पर आने से रोकने के लिए बीड़ा (BIDA) की तरफ से पक्की सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जा रहा है। इससे पहले यहाँ बनाई गई मिट्टी की अस्थायी दीवार पानी के तेज बहाव में दो बार टूट चुकी थी, जिससे गंदा पानी वापस अलवर बाईपास पर फैल गया था।

प्रशासन की ‘VIP सक्रियता’ पर जनता भड़की
स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि प्रशासन की यह सक्रियता यदि मानसून शुरू होने से पहले दिखाई देती, तो शहर को कई दिनों तक इस नरक से नहीं जूझना पड़ता। लोगों ने आरोप लगाया कि वीआईपी (VIP) दौरे के समय तो पूरी सरकारी मशीनरी एक्टिव हो जाती है, लेकिन आम दिनों में जनता की सुध लेने वाला कोई नहीं होता। दुकानदारों ने बताया कि जलभराव की वजह से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और खुद की जेब से पैसे खर्च कर ईंटें बिछवाकर लेवल ऊंचा कराना पड़ रहा है।
भिवाड़ी: केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव रविवार को भिवाड़ी क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। वे आज बीडा स्टेडियम का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे आशियाना आंगन स्थित दुर्गा माता मंदिर में सर्वदेव प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर टपूकड़ा के रघुवीर सिंह मार्केट में नागरिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे।













