Haryana crime: धारूहेड़ा : सेक्टर-6 थाना क्षेत्र स्थित ओम नगर में रविवार देर रात शराब पीने के दौरान दो दोस्तों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।
जानकारी के अनुसार मुना व उसका दोस्त रोहित दोनों एक ही कमरे में ओम नगर में रहते हैं। सोमवार रात दोनों के बीच शराब पीने के दौरान कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
पुलिस के अनुसार झगड़े के दौरान पहले मुन्ना ने रोहित पर चाकू से हमला किया। इसके बाद रोहित ने मुन्ना से चाकू छीन लिया और उसी चाकू से मुन्ना के पेट और कंधे पर वार कर दिए।
घटना के बाद दोनों घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल मुन्ना को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर से रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सेक्टर-6 धारूहेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए रोहित को हिरासत में ले लिया। रोहित के शरीर पर भी चाकू लगने के दो घाव पाए गए हैं, जिसका रात में मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पुलिस के अनुसार उसकी हालत भी सामान्य है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है और घायल व्यक्तियों के बयान भी दर्ज नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि बयान प्राप्त होने और शिकायत मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












