Rewari News: रेवाड़ी की राजनीति एक बार फिर से गरमा गई है। रेवाड़ी के राजनीतिक गलियारों में बयान बाजी तेज हो गई है। पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने बैठक के दौरान भाजपा नेताओं और नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने जिले में अवैध कॉलोनी और विकास कार्यों और प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठाया।
अवैध प्लॉटिंग और प्रशासनिक व्यवस्था पर उठाए सवाल
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कैप्टन अजय यादव ने कहा कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध प्लॉटिंग को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ प्रभावशाली लोग इन सभी चीजों को बढ़ावा दे रहे हैं इसी वजह से इन सभी गलत चीजों के खिलाफ एक्शन नहीं हो रहा है।
नगर परिषद नेतृत्व को लेकर भी की टिप्पणी
पूर्व मंत्री ने नगर परिषद चेयरपर्सन के कार्यकाल से जुड़े पुराने मामलों को लेकर जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब तक पुराने मामलों का निपटारा नहीं होता है और काम में पारदर्शिता नहीं आती है तब तक ऐसे सवाल उठते रहेंगे। उन्होंने विनीता पीपल और अन्य नेताओं पर भी तंज कसा।
विकास कार्यों पर दिया अपना पक्ष
शहर के विकास को लेकर पूछे गए सवाल पर कैप्टन अजय यादव ने कहा कि जनता ने उन्हें कई बार विधायक चुनकर उनके कार्यों पर भरोसा जताया था। उनका कहना था कि जनप्रतिनिधियों के काम का मूल्यांकन आखिरकार जनता ही करती है और समय आने पर मतदाता अपने निर्णय से इसका जवाब भी देते हैं।
मतदाता सूची को लेकर कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश
बैठक के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता से लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए और यदि किसी प्रकार की त्रुटि सामने आती है तो उसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जानी चाहिए।













