Haryana News: शहर के एमजी रोड मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। एक 22 वर्षीय युवती ने चलती मेट्रो ट्रेन के सामने छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मेट्रो संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
मृतका की पहचान दिल्ली के आयानगर क्षेत्र निवासी वर्षा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थी और ड्यूटी समाप्त होने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान एमजी रोड मेट्रो स्टेशन पर यह हादसा हो गया।
करीब आधे घंटे तक प्रभावित रही मेट्रो सेवा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब साढ़े नौ बजे युवती ने दिल्ली की ओर जाने वाली मेट्रो लाइन पर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा कर्मियों और मेट्रो अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इस दौरान मेट्रो सेवाएं लगभग 30 मिनट तक प्रभावित रहीं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
जांच के दौरान मेट्रो स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने परिजनों को भी फुटेज दिखाई। शुरुआती जांच में किसी प्रकार की साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिले हैं।
नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल और युवती के सामान की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। वहीं परिजनों ने भी किसी पर संदेह जताने या शिकायत दर्ज कराने से इनकार किया है।
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और उसे परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की औपचारिक जांच कर रही है, हालांकि फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।












