Haryana news: मिशन निदेशक डॉ. जोगेंद्र सिंह पहुंचे रेवाडी, खेतो का निरीक्षण

On: December 23, 2025 8:57 AM
Follow Us:

Haryana news: रेवाड़ी। जिले में बागवानी गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से हरियाणा राज्य बागवानी क्रियान्वयन इकाई पंचकूला के मिशन निदेशक डॉ. जोगेंद्र सिंह रेवाड़ी पहुंचे। उनके आगमन पर अरावली किसान क्लब के प्रधान यशपाल खोला, क्लब डहिना ब्लॉक अध्यक्ष शिवाजी तथा अरावली किसान क्लब की टीम ने स्वागत किया। इस दौरान मिशन निदेशक ने जिला बागवानी अधिकारी डॉ. मनदीप यादव के साथ जिले के विभिन्न गांवों में किसानों के खेतों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान गांव बठैड़ा में किसान जगदीश यादव बोहरा के किन्नू व अमरूद के बागों का अवलोकन किया गया। वहीं दहलावास गांव की दो अन्य बागवानी साइटों का भी निरीक्षण किया गया।

इसके अलावा गांव डहिना में किसान अजयपाल यादव द्वारा बागवानी विभाग से अनुदान प्राप्त मटर सीड प्रोसेसिंग यूनिट की कार्यप्रणाली को देखा गया। मिशन निदेशक ने गांव कंवाली में किसान संदीप कुमार द्वारा की जा रही सब्जी खेती का भी जायजा लिया, जहां तरबूज, ककड़ी, तोरी, घिया सहित अन्य सब्जियों की कास्त की गई है। इसके साथ-साथ जिले के अन्य क्षेत्रों में भी बागवानी से जुड़ी साइटों का सत्यापन किया गया।

फील्ड विजिट के दौरान ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग, लो टनल सहित अन्य आधुनिक बागवानी व्यवस्थाओं की प्रत्यक्ष जांच की गई, जो सभी निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं। अधिकारियों ने किसानों को विभाग की विभिन्न योजनाओं, अनुदान सुविधाओं और फसलों से संबंधित आवश्यक एडवाइजरी व गाइडलाइन की विस्तृत जानकारी दी।

जिला बागवानी अधिकारी डॉ. मनदीप यादव ने किसानों को बागवानी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करते हुए आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों के बारे में जानकारी साझा की। मिशन निदेशक डॉ. जोगेंद्र सिंह ने जिले में हो रही बागवानी गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले समय में जिले की जलवायु, मृदा और किसानों की जोत के अनुसार योजनाएं तैयार की जाएंगी, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

अरावली किसान क्लब के प्रधान यशपाल खोला ने बागवानी विभाग की योजनाओं और अधिकारियों की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि किसान पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर बागवानी फसलों को अपनाएं, जिससे उन्हें बेहतर उत्पादन और अधिक मुनाफा मिल सकता है। निरीक्षण के दौरान बीएचसी धारूहेड़ा गोविंद, डहिना ब्लॉक अध्यक्ष शिवाजी सहित विभिन्न गांवों के अनेक किसान उपस्थित रहे।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now