Delhi: तीन दिन तक हवा की क्वालिटी में सुधार के बाद दिल्ली की राजधानी के सभी स्कूलों में ऑफलाइन क्लासेस फिर से शुरू कर दी गई हैं। इससे पहले बढ़ते प्रदूषण के कारण 11 नवंबर से ग्रेड 5 तक के छात्रों के लिए हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन और ऑफलाइन) लागू किया गया था। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई थी।
गुरुवार को शिक्षा निदेशालय ने एक नया सर्कुलर जारी किया, जिसमें कहा गया कि हाइब्रिड क्लास के सभी निर्देश तुरंत रद्द कर दिए गए हैं। इस सर्कुलर के अनुसार, दिल्ली सरकार के स्कूल, दिल्ली नगर निगम (MCD) के स्कूल, NDMC और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के स्कूलों के साथ-साथ सभी प्राइवेट स्कूलों में अब क्लास पूरी तरह से ऑफलाइन मोड में ही चलेंगी।
शिक्षा विभाग ने स्कूलों से कहा है कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सभी आवश्यक उपाय अपनाए जाएं। वहीं, अभिभावकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे बच्चों को समय पर स्कूल भेजें और स्कूल द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें। यह कदम बच्चों की शिक्षा में व्यवधान कम करने और उन्हें नियमित कक्षा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया है।

















