Haryana News: धान खरीद सीजन में बड़ा फर्जीवाड़ा, करनाल में राइस मिल और मंडी निरीक्षक घोटाले में फंसे

On: March 21, 2026 8:27 PM
Follow Us:
Haryana News: धान खरीद सीजन में बड़ा फर्जीवाड़ा, करनाल में राइस मिल और मंडी निरीक्षक घोटाले में फंसे

Haryana News: करनाल जिले में धान खरीद सीजन के दौरान प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। धान मिलिंग में सामने आई अनियमितताओं के बाद जिला प्रशासन ने एक राइस मिलर और चार मंडियों के निरीक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। यह मामला जिला खाद्य आपूर्ति विभाग की शिकायत पर दर्ज हुआ है। शिकायत थाना सदर करनाल में दी गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जांच में मिली बड़ी कमी

जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि करनाल के गांव सलारू में स्थित मैसर्स बटान फूड्स को खरीफ सीजन 2025-26 के दौरान धान की मिलिंग के लिए चुना गया था। धान की भौतिक जांच के लिए एसडीएम करनाल की अगुवाई में एक टीम बनाई गई थी। यह टीम 25 अक्टूबर को राइस मिल का निरीक्षण करने पहुंची। जांच में पता चला कि बटान फूड्स को कुल 67,013 बैग यानी करीब 25,129.87 क्विंटल धान आवंटित किया गया था।

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि धान का कुछ हिस्सा बटान फूड्स की सलारू स्थित मिल में और बाकी हिस्सा भाटिया ओपन प्लेटी, जुंडला में रखा गया था। लेकिन इन दोनों स्थानों पर धान रखने की अनुमति विभाग से नहीं ली गई थी। जब टीम ने जांच की तो करीब 2,906 बैग यानी लगभग 1,032.5 क्विंटल धान कम पाया गया। इतनी बड़ी अनियमितता सामने आने के बाद विभाग ने तुरंत इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच जारी

थाना सदर करनाल के प्रभारी तरसेम ने बताया कि डीएफएससी करनाल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले में एक राइस मिल संचालक और चार मंडी निरीक्षकों को नामजद किया गया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और कहा है कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इन पर दर्ज हुई एफआईआर

  1. सतीश कुमार – संचालक, मैसर्ज बटान फूड्स सलारू, करनाल
  2. यशवीर सिंह – निरीक्षक, अनाज मंडी घरौंडा
  3. संदीप शर्मा – निरीक्षक, अनाज मंडी जुंडला
  4. समीर वशिष्ठ – निरीक्षक, अनाज मंडी करनाल
  5. लोकेश – निरीक्षक, अनाज मंडी निसिंग

Best24News

सुनील कुमार पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 8 साल से सक्रिय है। इन्होंने दैनिक जागरण, राजस्थान पत्रिका, हरीभूमि व अमर उजाला में बतौर संवाददाता काम किया है। अब बेस्ट 24 न्यूम में बतौर फाउंडर कार्यरत हूं

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now