Greenfield National Highway: हरियाणा के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, प्रदेश में चल रहे ग्रीनफील्ड नेशनल हाईवे 352A प्रोजेक्ट के पहले चरण का काम पूरा हो गया है। इससे अब यात्रियों के लिए जींद से सोनीपत के गोहाना तक का सफरआसान हो गया है। हालांकि, इस मार्ग पर अभी पेट्रोल पंप की सुविधा नहीं है, इसलिए वाहन चालकों को यात्रा शुरू करने से पहले इस बात का ध्यान रखना चाहिए और पहले से ही अपने वाहन में पेट्रोल और डीजल डलवाकर रखना चाहिए। वरना आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
दूसरे फेज में फ्लाईओवर का चल रहा काम
इस प्रोजेक्ट के दूसरे चरण में गोहाना से सोनीपत के बीच (बड़वासनी गांव) के पास एक फ्लाईओवर को बनाने का काम चल रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह काम अगस्त 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। फ्लाईओवर बनने के बाद इस पूरे 80 किलोमीटर के सफर को केवल एक घंटे में आसानी से तय किया जा सकेगा।
सोनीपत से राजधानी दिल्ली जाने के लिए दो वैकल्पिक रूट
सोनीपत के गोहाना से दिल्ली जाने के लिए अब दो प्रमुख रास्तों का प्रयोग किया जा सकता है-
पहला- गोहाना से बड़वासनी होते हुए बवाना और फिर दिल्ली।
दूसरा- गोहाना से रोहतक से पानीपत नेशनल हाइवे और फिर रुखी से होते हुए एक्सप्रेसवे से सीधा दिल्ली।
एक्सप्रेसवे से कनेक्ट है हरियाणा जींद
नेशनल हाइवे 352A जींद के जलेबी चौक से शुरू होता है, जो सीधे दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होता है। इसका मतलब है कि अब जींद से आने वाले वाहन सीधे एक्सप्रेसवे से दिल्ली तक पहुंच सकेंगे।
सीधा और तेज मार्ग
ग्रीनफील्ड नेशनल हाईवे की खासीयत यह है कि यह किसी भी गांव से होकर नहीं गुजरता है। यह गोहाना के पानीपत हाईवे स्थित बाईपास से शुरू होता है और सीधे जींद के जलेबी चौक तक पहुंचता है। इस हाइवे पर वाहन 80 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से फर्राटा भर सकते हैं।

















