IGU Rewari : इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर के प्रबंधन विभाग की ओर से विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान और सर्वांगीण विकास के लिए हिमाचल प्रदेश के मैकलोडगंज व धर्मशाला का चार दिवसीय शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। 48 विद्यार्थियों और शिक्षक प्रभारियों का दल विश्वविद्यालय परिसर से रवाना हुआ।
कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केवल किताबी ज्ञान से प्रबंधन की बारीकियों को पूरी तरह समझना संभव नहीं है। शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों को कक्षा में मिले सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने का अवसर मिलता है। इससे निर्णय लेने की क्षमता, नेतृत्व, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित होता है।
कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों को उद्योग जगत की कार्यप्रणाली से परिचित कराना भी जरूरी है। औद्योगिक इकाइयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के भ्रमण से विद्यार्थी सप्लाई चेन, उत्पादन प्रबंधन, मार्केटिंग और अन्य प्रबंधन गतिविधियों को करीब से समझ सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को नौकरी तलाशने के साथ भविष्य में रोजगार देने वाला बनने के लिए भी प्रेरित किया।
कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनके सामाजिक और व्यावसायिक विकास पर भी ध्यान दे रहा है। ऐसी यात्राओं से विद्यार्थियों में समय प्रबंधन, अनुशासन, टीम भावना और विपरीत परिस्थितियों में समाधान खोजने की क्षमता विकसित होती है।
सर्वांगीण विकास के लिए किया प्रेरित: प्रबंधन विभाग की अध्यक्ष प्रो. रितु बजाज ने बताया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभाग की ओर से लगातार इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वाणिज्य एवं प्रबंधन संकाय की अधिष्ठाता प्रो. अदिति शर्मा ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और स्थानीय व्यवसायों का अध्ययन प्रबंधन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी रहेगा।
ये रहे मौजूद: फैकल्टी इंचार्ज डॉ. सुशांत यादव ने बताया कि भ्रमण के दौरान विद्यार्थी त्रियुंड ट्रेक, भागसूनाग मंदिर व जलप्रपात, दलाई लामा मंदिर, धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम और बगलामुखी मंदिर सहित प्रमुख स्थानों का दौरा करेंगे। साथ ही स्थानीय औद्योगिक इकाइयों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उत्पादन, मार्केटिंग, मानव संसाधन, वित्तीय प्रबंधन और सेवा क्षेत्र की कार्यप्रणाली को समझेंगे। डॉ. जसविंदर सिंह और डॉ. प्रियंका रंगा भी शिक्षक प्रभारी के रूप में विद्यार्थियों के साथ रहेंगे।












