Political Haryana News: हरियाणा के जिला रेवाडी के कस्बा धारूहेड़ा में संगठन सर्जन अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी की धारूहेड़ा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य पार्टी को मजबूत बनाना और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ना है। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के केंद्रीय पर्यवेक्षक बीएम संदीप तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश पर्यवेक्षक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, पराग शर्मा, भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक चिरंजीव राव, पूर्व मंत्री एमएल रंगा व पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
उन्होंने पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों पर चर्चा की और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत से पहले अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
केंद्रीय पर्यवेक्षक बीएम संदीप ने कहा की कांग्रेस पार्टी भारत की सबसे पुरानी और सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। इसने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश के विकास में भी इसका बहुत बड़ा योगदान रहा है। कांग्रेस पार्टी का इतिहास गौरवशाली रहा है और इसने देश को कई महान नेता दिए हैं। पार्टी की विचारधारा लोकतांत्रिक समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता पर आधारित है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष के लिए कोई भी कार्यकर्ता अपना नामांकन दे सकता है, जिसकी आयु 35 से लेकर 55 वर्ष हो। राहुल गांधी जी के निर्देश पर इसी महीने 30 तारीख तक संगठन का विस्तार कर दिया जाएगा। बी एम संदीप में भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहां की पहलगाम में मारे गए लोगों को आज तक इंसाफ नहीं मिला और भारतीय जनता पार्टी हर घर सिंदूर बांटने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का अहमदाबाद में विमान हादसे वाली जगह का दौरा किया सही है।
लेकिन, उन्हें हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों के परिवारों से भी मिलना चाहिए था। क्या हमारे जवानों का बलिदान इतना कम महत्वपूर्ण है ? क्या मोदी जी हमारे शहीदों के प्रति थोड़ी सी संवेदनशीलता नहीं दिखा सकते थे ? मैं उम्मीद करता हूँ कि प्रधानमंत्री जी जल्द ही पहलगाम में शहीद हुए जवानों के परिवारों से भी मिलेंगे।
पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने कहा की संगठन को नीचे से ऊपर तक मजबूत करने के लिए हर ब्लॉक, विधानसभा, जिला और फ्रंटल संगठन के नेताओं से चर्चा की जा रही है। इसके तहत पूर्व विधायक, सांसद, महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस एवं पूर्व प्रधान सभी की राय से संगठन की पैनल सूची तैयार होगी। सबसे पहले जिला अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा, जिसके बाद ब्लॉक एवं अन्य पद तय होंगे।
उन्होंने कहा कि आने वाले 15 दिनों में संगठन की पैनल रिपोर्ट एआईसीसी को सौंप दी जाएगी। उसी के आधार पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लिए छह-छह नाम चयनित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस का फोकस पूरी तरह संगठन को मजबूत करने पर है। भाजपा जैसी जनविरोधी पार्टी को उखाड़ फेंकने के लिए कांग्रेस संगठन के बल पर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की दिशा में मजबूती से कार्य कर रहे हैं।





















