Haryana: पुलिस जिला हांसी से स्थानांतरित होकर आए एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस ने बुधवार को जिला रेवाड़ी का कार्यभार संभाल लिया है। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा 2018 बैच के पुलिस अधिकारी हैं।
एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा राजस्थान के जिला दौसा के रहने वाले हैं और उन्होंने बीटेक किया है। उन्होंने एसपी हांसी के अलावा डीसीपी क्राइम फरीदाबाद के तौर पर भी सेवाएं दी हैं। कार्यभार संभालते ही उन्होंने डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ रविन्द्र सिंह, डीएसपी सिटी रेवाड़ी जोगेंद्र शर्मा, डीएसपी बावल सुरेन्द्र श्योराण, डीएसपी ट्रैफिक विनोद शंकर, डीएसपी कोसली विद्यानंद के साथ वार्ता की और जिले की सुरक्षा संबंधी जानकारी लेकर क्राइम कंट्रोल करने के लिए कड़े दिशा निर्देश दिए।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि जिले को अपराध मुक्त करने के लिये भरसक प्रयास किया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ते साइबर अपराध व नशे की रोकथाम उनकी पहली प्राथमिकता रहगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित फरियादों की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई कर उसे शीघ्र अति शीघ्र न्याय दिलवाया जाएगा।
एसपी ने कहा कि समय समय पर आमजन के साथ बैठक कर उनका सहयोग लिया जाएगा और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण तथा रेवाड़ी में सुगम यातायात प्रवाह के लिए कड़े प्रयास किए जायेंगे।
जिला रेवाड़ी पहुंचने पर डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ रविन्द्र सिंह, डीएसपी सिटी रेवाड़ी जोगेंद्र शर्मा, डीएसपी बावल सुरेन्द्र श्योराण, डीएसपी ट्रैफिक श्री विनोद शंकर, डीएसपी कोसली विद्यानंद व सभी शाखा इंचार्जों ने बुक्के भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया गया।

















