
Delhi News: दिल्ली MCD उपचुनाव के नतीजे सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने तीन वार्डों में जीत दर्ज की है। इस पर पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल का पहला बयान सामने आया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पार्टी ने इस बार अपने समर्पित और मेहनती कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतारा था। दिल्ली की जनता ने अपने जनादेश से यह साफ कर दिया है कि लोगों का समर्थन एक बार फिर तेज़ी से आम आदमी पार्टी की ओर लौट रहा है। केजरीवाल ने लिखा कि सिर्फ 10 महीनों में ही जनता ने विश्वास दोबारा AAP की ओर जताना शुरू कर दिया है और जल्द ही दिल्ली सकारात्मक राजनीति और विकास के रास्ते पर लौट आएगी।
उपचुनाव का पूरा परिणाम
दिल्ली MCD उपचुनाव 2025 में कुल 12 वार्डों के लिए वोटिंग हुई थी जिनके नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। इन 12 सीटों में से 7 वार्डों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है। आम आदमी पार्टी ने तीन सीटें जीती हैं। वहीं ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (AIFB) और कांग्रेस को एक-एक वार्ड पर जीत मिली है। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि दिल्ली की राजनीति में मुकाबला अभी भी काफी दिलचस्प बना हुआ है।
बीजेपी का मजबूत आंकड़ा बरकरार
उपचुनाव के परिणाम आने के बाद भी दिल्ली नगर निगम में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी हुई है। उसके पास अब कुल 122 सीटें हैं। वहीं AAP के पास 102 सीटें और कांग्रेस के पास केवल 9 सीटें मौजूद हैं। इसका मतलब है कि MCD में सत्ता संतुलन अभी भी बीजेपी के पक्ष में है।
ये भी पढ़ें:दिल्ली-NCR में अब देखते ही इंपाउंड होगें ये वाहन, 10 लाख जुर्माना वाला वाहन जब्त
AAP नेता सौरभ भारद्वाज का बयान
उपचुनाव के बाद AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने बयान जारी करते हुए कहा कि चुनाव भले छोटा था लेकिन उसके नतीजे बड़ा संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि AAP पहले भी तीन सीटों पर थी और इस बार भी तीन पर है। लेकिन भाजपा बेईमानी करने के बाद भी 9 से घटकर 7 सीटों पर आ गई। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में भाजपा सरकार के पहले लिटमस टेस्ट ने साबित कर दिया है कि भाजपा नीचे आ रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने मंच से कहा था कि अगर AAP के पार्षद जीतेंगे तो वे काम नहीं करने देंगे। इसके बावजूद भाजपा की सीटें कम हो गईं।
ये भी पढ़ें:यूपीआई से 84 हजार की साइबर ठगी, रेवाड़ी में दो आरोपी गिरफ्तार
