रेवाड़ी (Best24News): बाजरे की सरकारी खरीद एमएसपी (MSP) पर शुरू करवाने की मांग को लेकर ‘भारतीय किसान यूनियन (चढूनी)’ जिला रेवाड़ी का एक प्रतिनिधिमंडल संगठन सचिव सतबीर लोहाना की अध्यक्षता में अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) से मिला। किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दो दौर की वार्ता विफल रहने के बाद एडीसी को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा और मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
27 सितंबर का अल्टीमेटम
भाकियू चढूनी के जिलाध्यक्ष समय सिंह ने बताया कि बाजरे की खरीद शुरू कराने की मांग को लेकर 21 सितंबर को किसानों ने रेवाड़ी अनाज मंडी के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया था। उस समय मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने 2-3 दिनों के भीतर खरीद प्रक्रिया शुरू कराने का ठोस आश्वासन देकर ताला खुलवाया था।
किसान नेताओं ने कहा कि आश्वासन के बाद हुई दूसरे दौर की बैठक बेनतीजा रही और प्रशासन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। प्रतिनिधिमंडल ने एडीसी को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 27 सितंबर तक एमएसपी पर बाजरे की सरकारी खरीद शुरू नहीं की गई, तो किसान अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल (मरणव्रत) पर बैठने को मजबूर होंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक खरीद के लिखित आदेश जारी नहीं होंगे, तब तक किसान भूख हड़ताल से नहीं उठेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें अपनी जान ही क्यों न गंवानी पड़े।
ढाणियों में बिजली कटौती से परेशानी
किसान नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों और ढाणियों में बिजली आपूर्ति के गलत शेड्यूल का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि गांवों की ढाणियों में शाम 5:00 बजे से रात 9:00 बजे तक बिजली गुल रहती है।किसानों ने मांग की कि जिन गांवों में ढाणियां पानी की टंकियों पर बसी हैं, वहां शाम 5:00 बजे से रात 10:00 बजे तक निर्बाध बिजली सप्लाई दी जानी चाहिए, क्योंकि इस समय बच्चों की पढ़ाई का समय होता है और रोशनी की सख्त जरूरत रहती है।
ये रहे मौजूद: इस अवसर पर महिला जिलाध्यक्ष मुन्नी बूढ़पुर, जिला कार्यकारिणी प्रधान मनीषा यादव, शहरी प्रधान कृष्ण कुमार सैनी, ब्लॉक प्रधान विपिन पूनिया, वेद प्रकाश, वेद दादरा, विजय सिंह शर्मा सहित कई अन्य प्रमुख किसान नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













