कोसली: गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज जयंती की जयंती के अवसर पर रविवार को गांव गुर्जरवास में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। विजय एकता मंच एवं समस्त ग्रामवासियों की ओर से एम्स कैंसर हॉस्पिटल, बाढ़सा और जन सेवा ब्लड सेंटर, रेवाड़ी के सहयोग से आयोजित शिविर में कुल 129 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। इसमें एम्स बाढ़सा की टीम ने 67 यूनिट तथा जन सेवा ब्लड सेंटर, रेवाड़ी ने 62 यूनिट रक्त एकत्रित किया।

बाबा धर्मानंद सरस्वती महाराज मंदिर परिसर में आयोजित शिविर का शुभारंभ कोसली विधायक अनिल यादव ने रिबन काटकर किया। शिविर में युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया। रक्तदाताओं में समाजसेवा और मानवता की सेवा के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।
विधायक अनिल यादव ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ी मानव सेवाओं में से एक है। सम्राट मिहिर भोज महान की जयंती पर आयोजित रक्तदान शिविर में ग्रामीणों और युवाओं की भागीदारी सराहनीय है। 129 यूनिट रक्त एकत्रित होना क्षेत्रवासियों की सेवा भावना का प्रमाण है। रक्त की एक-एक बूंद जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती है।

विजय एकता मंच के अध्यक्ष एवं समाजसेवी विजय गुड़ियानी ने कहा कि सम्राट मिहिर भोज महान की जयंती को समाजसेवा और मानवता की सेवा के संकल्प के साथ मनाया गया है। उन्होंने कहा कि शिविर को सफल बनाने में ग्रामीणों और युवाओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। रक्तदान से जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने में मदद मिलती है और समाज में मानवता व सेवा का संदेश जाता है।
गुड़ियानी ने कहा कि विजय एकता मंच आगे भी सामाजिक एवं मानव सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी युवाओं, ग्रामीणों तथा सहयोगी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जयंती के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर ने समाजसेवा के साथ-साथ मानवता का संदेश भी दिया है।
इस अवसर पर रवि चेयरमैन कोसली, कंवरपाल चेयरमैन कँवाली , दुष्यंत चेयरमैन, जिला पार्षद एडवोकेट जीवन हितैषी, गुरदयाल एडवोकेट, अभय नंबरदार, कृष्ण सरपंच, मनोज गुर्जर, विकास गुर्जर, रिंकू पहलवान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।











