रेवाड़ी। पुरानी पेंशन योजना OPS बहाली की मांग को लेकर रविवार को रेवाड़ी में हजारों कर्मचारियों ने संकल्प मार्च निकाला। पेंशन बहाली संघर्ष समिति, हरियाणा के आह्वान पर निकाला गया मार्च राव तुलाराम पार्क से शुरू होकर लघु सचिवालय पहुंचा। यहां कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कर्मचारियों ने “पुरानी पेंशन अधिकार हमारा” और “OPS बहाल करो” के नारे लगाए। मार्च में महिला कर्मचारियों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही।
मार्च का नेतृत्व प्रदेश महासचिव ऋषि नैन और राज्य कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला प्रभारी डॉ. अरविंद यादव ने किया। जिला प्रधान राजबीर यादव ने मार्च की अध्यक्षता की, जबकि जिला महासचिव मनोज मसानी ने मंच का संचालन किया। मार्च में प्रदेश कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष अनूप लाठर, महिला विंग इंचार्ज राजबाला, ऑडिटर विजय भुना, डॉ. बलराम आर्य सहित विभिन्न जिलों से पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। इनमें खेदड़ थर्मल पावर प्लांट से नरेश कुमार, जींद से जोगिंदर लोहान, रोहतक से अनिल स्वामी, झज्जर से मनोज कुमार, महेंद्रगढ़ से सुरेंद्र यादव व अरविंद कुमार और गुरुग्राम से रामधनखेड़ा समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रदेश महासचिव ऋषि नैन ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने कहा कि OPS की बहाली तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त से प्रत्येक रविवार को जिला स्तर पर संकल्प मार्च आयोजित किए जा रहे हैं। इन मार्चों का समापन 7 फरवरी 2027 को कुरुक्षेत्र में होने वाले राज्यव्यापी संकल्प मार्च के साथ होगा। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना बहाल होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।












