रेवाड़ी: भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष उत्तम सिंह के भतीजे जितेंद्र हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गुरुग्राम के सेक्टर-38 निवासी शिव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के खायारा कोटी का रहने वाला है। शिव कुमार पर मुख्य आरोपी प्रवीन उर्फ पपला को अपने यहां आश्रय देने और हत्या में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को छिपाने में मदद करने का आरोप है।
पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी प्रवीन उर्फ पपला और उसके भतीजे अमन कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक प्रवीन और शिव कुमार की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की पाइप और थार गाड़ी बरामद कर ली गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रवीन को शक था कि जितेंद्र के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं। इसी शक और रंजिश के चलते उसने जितेंद्र की हत्या की साजिश रची।
बीयर पार्टी के बहाने बुलाया था
पुलिस के अनुसार 7 सितंबर को प्रवीन ने जितेंद्र को बीयर पार्टी के बहाने कमालपुर स्थित शराब ठेके पर बुलाया। इसके बाद वह अपने भतीजे अमन के साथ थार में जितेंद्र को लेकर एचपीसीएल रिफाइनरी के पास सुनसान रास्ते पर पहुंचा। आरोप है कि जितेंद्र के गाड़ी से नीचे उतरते ही प्रवीन ने लोहे की पाइप से उसके सिर पर हमला कर दिया। इस दौरान अमन रास्ते से गुजरने वाले लोगों पर नजर रख रहा था।
जितेंद्र हत्याकांड-सुनसान रास्ते पर मिला था शव
7 सितंबर को पुलिस को एचपीसीएल रिफाइनरी के पास भाड़ावास गांव की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सीन ऑफ क्राइम टीम ने साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान कमालपुर निवासी 40 वर्षीय जितेंद्र के रूप में हुई थी। उसके सिर पर चोट के निशान मिले थे। इसके बाद जितेंद्र के चाचा उत्तम सिंह की शिकायत पर प्रवीन उर्फ पपला और उसके साथी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।











