चंडीगढ़ / भिवानी (Best24News): हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने शनिवार को हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET-2025) का परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया है। परीक्षा के तीनों स्तरों (Level 1, 2 और 3) में कुल 31,847 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं।
इस बार का कुल परिणाम 16.57% दर्ज किया गया, जो पिछले 10 वर्षों में बोर्ड का सबसे बेहतर परिणाम रहा है। इससे पूर्व वर्ष 2016 में HTET का उत्तीर्ण प्रतिशत 22.08% दर्ज हुआ था।
स्तरवार परिणाम का विश्लेषण (Level-wise Pass Percentage)
बोर्ड के चेयरमैन शंकर धुप्पड़ के अनुसार, HTET- 2025 के लिए 2.33 लाख स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था। चेयरमैन के अनुसार, परीक्षा में तीनों स्तरों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा है
- Level-2 (TGT – कक्षा 6 से 8): सबसे अधिक सफलता प्रतिशत 20.71% रहा। इसमें कुल 99,896 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी।
- Level-3 (PGT – कक्षा 9 से 12): इस स्तर में 16.5% अभ्यर्थी सफल हुए, जिसमें कुल 60,922 परीक्षार्थी शामिल हुए थे।
- Level-1 (PRT – कक्षा 1 से 5): प्राथमिक शिक्षक स्तर में सबसे कम 3.53% अभ्यर्थी ही पास हो सके। इस परीक्षा में 31,402 अभ्यर्थी बैठे थे।
1.92 लाख अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा
HTET-2025 के लिए कुल 2.33 लाख उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें 1,66,137 महिला अभ्यर्थी शामिल थीं। 4 और 5 जुलाई को आयोजित हुई परीक्षा में लगभग 1.92 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए। परिणाम जारी होने से पूर्व 31,847 योग्य अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया था, जिनमें से 30,883 अभ्यर्थी पहुंचे जबकि 964 अनुपस्थित रहे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छूटे हुए अभ्यर्थियों के लिए भिवानी स्थित बोर्ड मुख्यालय में बायोमेट्रिक प्रक्रिया का एक और अवसर जल्द दिया जाएगा।
HTET पात्रता नियम
बता दे कि HTET प्रमाण पत्र अब आजीवन (Lifetime Valid) मान्य है। सामान्य वर्ग के लिए 60% (90 अंक) और हरियाणा के SC/दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 55% (82 अंक) अंक लाना अनिवार्य है। विधानसभा आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के सरकारी स्कूलों में PGT, TGT और PRT के 15,659 पद खाली पड़े हैं। HTET पास अभ्यर्थियों के लिए आगामी शिक्षक भर्तियों के द्वार खुलेंगे।
यहां करे विजिट: शिक्षकों की आगामी भर्तियों, नोटिफिकेशन और बोर्ड की आधिकारिक घोषणाओं के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए Board of School Education Haryana (HBSE) की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।














