रेवाड़ी / खोल (Best24News): रेवाड़ी-नारनौल हाईवे पर काठूवास टोल प्लाजा के समीप एक तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज की बस ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
बाइक से नारनौल जा रहे थे दोस्त: पुलिस के अनुसार रेवाड़ी शहर के अजय नगर निवासी मनोज कुमार (उम्र लगभग 48 वर्ष) शनिवार सुबह अपने दोस्त सुरेंद्र के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी निजी काम से नारनौल की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे रेवाड़ी-नारनौल मार्ग पर काठूवास टोल के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी।
अस्पताल में तोड़ा दम: हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद मनोज कुमार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, उनके साथी सुरेंद्र का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मृतक मनोज कुमार अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। मनोज की अचानक मौत की खबर मिलते ही अजय नगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज: हादसे के बाद बस चालक बस लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलने के बाद खोल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक मनोज के भाई की शिकायत के आधार पर रोडवेज बस के आरोपी चालक के खिलाफ धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।














