चरखी दादरी(Best24News): देश सेवा के दौरान अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवान रवि प्रकाश सांगवान जी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए चरखी दादरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुनील सतपाल सांगवान उनके पैतृक गांव कासनी पहुंचे। तिरंगे में लिपटे वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मुख्य सड़क पर उमड़ पड़े। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया।
युवाओं और ग्रामीणों ने बाइक काफिले के साथ अंतिम यात्रा निकाली और पूरा गांव ‘अमर शहीद रवि प्रकाश सांगवान अमर रहे’ के नारों से गूंज उठा।विधायक ने शहीद के अंतिम दर्शन कर उन्हें पुष्पचक्र अर्पित किए और भावभीनी श्रद्धांजलि दी। राजकीय एवं सैन्य सम्मान के साथ रवि प्रकाश का अंतिम संस्कार किया गया। आठ वर्षीय बेटे देव सांगवान ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। ग्रामीणों ने पार्थिव शरीर पर पुष्पवर्षा कर अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।

अंतिम संस्कार के दौरान पूरा गांव व आसपास का क्षेत्र “शहीद रवि प्रकाश सांगवान अमर रहे” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। “उनका त्याग और शौर्य सदैव देश को प्रेरणा देता रहेगा”: शहीद जवान के परिजनों से मिलकर सांत्वना व्यक्त करते हुए विधायक सुनील सतपाल सांगवान ने कहा कि देश की रक्षा के लिए रवि प्रकाश जी का यह बलिदान अतुलनीय है।
विधायक सुनील सांगवान ने अपना संदेश साझा करते हुए कहा: “शहीद किसी एक गांव, क्षेत्र, गोत्र या धर्म का नहीं होता, बल्कि वह पूरे राष्ट्र की शान और गौरव होता है। देश की सीमा और संप्रभुता की रक्षा के लिए रवि प्रकाश जी ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनका यह त्याग, पराक्रम और शौर्य सदैव हम सभी को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।”
रवि प्रकाश सांगवान वर्ष 2015 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वह राष्ट्रीय राइफल्स की 54वीं बटालियन में कश्मीर में तैनात थे और इन दिनों पदोन्नति कोर्स के लिए बंगलूरू में प्रशिक्षण ले रहे थे। गत मंगलवार को फिजिकल एक्टिविटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। आवश्यक सैन्य प्रक्रिया पूरी होने के बाद वीरवार को उनका पार्थिव शरीर गांव कासनी लाया गया।

विधायक ने इस कठिन और दुःख की घड़ी में समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए विश्वास दिलाया । सरकार, समाज और व्यक्तिगत स्तर पर शहीद के परिवार को हरसंभव मदद और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। परिवार को किसी भी स्तर पर अकेला नहीं रहने दिया जाएगा और उनकी मांगों व सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवार को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। अंतिम संस्कार में दादरी विधायक सुनील सांगवान, नायब तहसीलदार साहिल दलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष राष्ट्रदीप परमार, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई।













