IGU Rewari: रेवाड़ी (Best24News): इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (IGU), रेवाड़ी में उच्च शिक्षा और आधुनिक तकनीक की पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बी.टेक (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग) पाठ्यक्रम की शेष बची सीटों पर सीधा प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा दाखिला
विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सतिन्दर बल गुप्ता ने बताया कि बी.टेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (AI & ML) पाठ्यक्रम की रिक्त सीटों को भरने के लिए काउंसलिंग/दाखिला प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है।

वहीं प्रवेश समिति के संयोजक डॉ. अशोक कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रवेश प्रक्रिया ‘पहले आओ, पहले पाओ’ (First Come, First Served) के आधार पर की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दाखिले की यह पूरी प्रक्रिया विश्वविद्यालय के नियमों और दिशा-निर्देशों के तहत ही संपन्न की जाएगी। बता दें कि आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) की मांग उद्योगों में सबसे अधिक है। विश्वविद्यालय का यह कदम क्षेत्र के छात्रों को अत्याधुनिक और भविष्य की तकनीक पर आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।












