हरियाणा में अचानक बदला मौसम, कई जिलों में शुरू हुई तेज बारिश, 28 तारीख तक आंधी तूफान का अलर्ट जारी

On: July 25, 2026 2:58 PM
Follow Us:
हरियाणा का मौसम

हरियाणा में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को राज्य के कई जिलों में बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। सुबह पानीपत और रोहतक में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि झज्जर में हल्की बूंदाबांदी हुई। दोपहर बाद हिसार के सुलखनी क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। वहीं रेवाड़ी, सोनीपत और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे, जिससे तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई।

यमुनानगर में येलो अलर्ट, कई जिलों में बारिश के आसार

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। यमुनानगर जिले के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और उससे जुड़ी ट्रफ लाइन के कारण हरियाणा में नमी वाली हवाएं पहुंच रही हैं, जिससे मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है।

28 जुलाई से तेज बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद

मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 से 30 जुलाई के बीच हरियाणा के उत्तर, पूर्व और दक्षिणी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी। इस दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि बीच में एक-दो दिन बारिश की तीव्रता थोड़ी कम रह सकती है, लेकिन महीने के अंत तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने के संकेत हैं।

किसानों को सतर्क रहने की सलाह

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को मौसम को देखते हुए खेती से जुड़े कार्य करने की सलाह दी है। कपास के खेतों में जलभराव नहीं होने देना चाहिए और अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करनी चाहिए। सब्जियों और बागवानी वाली फसलों में फिलहाल सिंचाई टालने की सलाह दी गई है।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव है वर्तमान में वे Best24News के साथ जुड़े हुए हैं ताजा और विश्वसनीय खबरें प्रकाशित कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now