Bhiwadi:भिवाड़ी क्षेत्र में सरकारी जमीन से अवैध मिट्टी खनन का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। करीब डेढ़ महीने पहले एफआईआर दर्ज होने के बावजूद खनन और मिट्टी परिवहन का काम खुलेआम जारी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार दिन-रात बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों से मिट्टी ढोई जा रही है और इसे बायपास के पास विकसित हो रही नई आवासीय सोसायटियों में डाला जा रहा है। इससे सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है, जबकि जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
बड़े स्तर पर मिट्टी :जानकारी के अनुसार काली खोली और आसपास के क्षेत्रों में बीड़ा और नगर परिषद की जमीन से बड़े स्तर पर मिट्टी उठाई जा रही है। पहले भी इस मामले में शिकायत के बाद मामला दर्ज कराया गया था, लेकिन पुलिस और प्रशासन की ओर से सख्ती नहीं दिखने के कारण खनन माफिया बेखौफ होकर काम कर रहे हैं।
हादसों का खतरा बढ़ा
यहां तक कि रास्तों को बाधित करने के लिए खुदाई कर दी गई थी, जिसे कुछ ही दिनों में फिर से ठीक कर दिया गया और परिवहन दोबारा शुरू हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
अधिकारियों ने झाड़ा पल्ला:
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन की सूचना मिली है और जल्द ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं नगर परिषद और राजस्व विभाग के अधिकारी भी जांच की बात कह रहे हैं। बावजूद इसके जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं और मिट्टी की चोरी लगातार जारी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर जिम्मेदार विभाग कब सख्त कदम उठाएंगे और सरकारी संपत्ति को नुकसान से बचाया जाएगा।














