Rewari News: नगर पालिका धारूहेड़ा में बिल पास करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किए गए कनिष्ठ अभियंता हरीश कुमार को शुक्रवार को रेवाड़ी की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गुरुवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने आरोपी को रंगे हाथों काबू किया था। Rewari News
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रेवाडी के इंस्पेक्टर जयपाल व एसआई राजीव ने बताया कि नगर पालिका धारूहेड़ा में ठेकेदार राजबीर का एक बिल लंबित था। आरोप है कि बिल पास करने के बदले जेई हरीश कुमार ने एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। ठेकेदार ने इसकी शिकायत गुरुग्राम स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो गुरुग्राम कार्यालय में दी।Rewari News
शिकायत के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। तय योजना के तहत ठेकेदार 90 हजार रुपये लेकर जेई के पास पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और राशि बरामद कर ली।Rewari News
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ के लिए उसे गुरुग्राम ले जाया गया था। आवश्यक पूछताछ पूरी करने के बाद शुक्रवार को उसे रेवाड़ी अदालत में पेश किया गया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।

















