Sports News Rewari: डीसी अभिषेक मीणा ने कहा है कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। महिलाओं के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी इसी उद्देश्य से किया जाता है कि उनमें आत्मविश्वास की भावना और प्रबल हो तथा वे स्वावलंबी बनें।
डीसी अभिषेक मीणा स्थानीय पुलिस लाइन परिसर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना तथा खेल गतिविधियों के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।Sports News Rewari
ये खेल प्रतियोगिताएं महिलाओं में आत्मविश्वास व स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देती हैं। खेल स्पर्धाएं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि घर से बाहर निकल कर रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने से महिलाएं अपनी स्वतंत्रता का अनुभव कर सकती है, जिससे संतुलित समाज का निर्माण होता है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी शालू यादव ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा हर वर्ष खंड स्तर एवं जिला स्तर पर दो आयु वर्गों में इन खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। जिससे महिलाएं घर की सीमाओं से बाहर निकलकर अपने कौशल को पहचान सकें। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर दिया जाता है। इससे पहले जिला के 6 खंडों में ये प्रतियोगिताएं करवाई गई थीं।
विजेताओं व नेशनल खिलाडिय़ों को किया सम्मानित
तीस वर्ष से अधिक आयु वर्ग की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में सुमित्रा प्रथम, सरोज देवी द्वितीय व कुमारी कमलेश तृतीय स्थान पर रहीं। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में अनिता ने पहला, गीता ने दूसरा व मीना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सौ मीटर दौड़ स्पर्धा में अनोखी सबसे आगे रही, दूसरा स्थान मंजू व तीसरा स्थान आशा ने प्राप्त किया।
18 से 30 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के लिए 300 मीटर रेस स्पर्धा में अंतिम प्रथम, रेखा द्वितीय व नेहा तृतीय स्थान पर रही। चार सौ मीटर दौड़ में सोनिल ने पहला, प्रवीन ने दूसरा और आरती ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी वर्ग की साइकिल रेस में सरिता ने सबसे आगे रहकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस रेस में अनीता ने दूसरा और पूनम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।Sports News Rewari
डीसी अभिषेक मीणा ने विजेता खिलाडिय़ों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने टेबल टेनिस की नेशनल प्लेयर वैभवी, बॉक्सिंग खिलाड़ी ज्योति, आरती, शर्मिला, पूजा, पलछिन तथा पैरा एथलीट प्रमिला, सरला देवी व तमन्ना शर्मा को भी सम्मानित किया। तलवारबाजी की खिलाड़ी तेजस्विनी, वासु शर्मा, अंशिका राणा, प्रियंका यादव, निपूर्णा राव व नव्या यादव को भी पुरस्कृत किया गया। डीसी ने फुटबाल खिलाड़ी नैना, शिवानी, लक्ष्मी व हर्षिता को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी ममता, सीडीपीओ राधा यादव, सुमन यादव सहित अन्य अधिकारी, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
———-

















